RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा, संघ ने कभी आरक्षण का विरोध नहीं किया, जानिए पूरा मामला

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि संघ ने कभी भी कुछ खास वर्गों को दिए जाने वाले आरक्षण का विरोध नहीं किया है। हैदराबाद में एक कार्यक्रम में भागवत ने कहा कि संघ का मानना ​​है कि जब तक जरूरत है, आरक्षण जारी रहना चाहिए। भागवत ने यह बात भाजपा और कांग्रेस के बीच आरक्षण को लेकर चल रहे बयानों के बाद कही। RSS प्रमुख भागवत ने कहा कि जब मैं यहां आया तो एक वीडियो वायरल किया जा रहा था कि आरएसएस आरक्षण के खिलाफ है। हम इस बारे में बाहर बात नहीं कर सकते। अब यह पूरी तरह से झूठ है। संघ शुरू से ही संविधान के अनुसार सभी आरक्षणों का समर्थन करता रहा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख भागवत ने पिछले साल भी नागपुर में कहा था कि जब तक समाज में भेदभाव है, तब तक आरक्षण जारी रहना चाहिए। उन्होंने कहा था कि समाज में भेदभाव मौजूद है, भले ही वह दिखता न हो।

दरअसल, सोशल मीडिया पर पूर्व कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम का एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। जिसमें वे आरक्षण हटाने की बात करते दिख रहे हैं। जिसके बाद राहुल गांधी ने X पर पोस्ट कर लिखा, भाजपा नेताओं और नरेंद्र मोदी के करीबियों के बयानों से अब साफ हो गया है कि उनका उद्देश्य संविधान बदल कर देश का लोकतंत्र तबाह कर देना है। वे दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों का आरक्षण छीन कर देश चलाने में उनकी भागीदारी खत्म करना चाहते हैं, लेकिन संविधान और आरक्षण की रक्षा के लिए कांग्रेस चट्टान की तरह भाजपा की राह में खड़ी है। जब तक कांग्रेस है, वंचितों से उनका आरक्षण दुनिया की कोई ताकत नहीं छीन सकती।

जिसके बाद, अमित शाह ने राहुल गांधी की पोस्ट पर कहा, राहुल गांधी निराधार झूठ बोलकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। भाजपा की सरकार इस देश में 10 साल से चल रही है। दोनों बार पूर्ण बहुमत की सरकार रही है। अगर भाजपा की मंशा होती कि आरक्षण को खत्म करना है, तो हो चुका होता। बल्कि नरेंद्र मोदी जी ने पूरे देश के दलित, पिछड़े और आदिवासी भाई-बहनों को गारंटी दी है कि जब तक भाजपा है, आरक्षण को कोई हाथ नहीं लगा सकता है। मैं आज देश की जनता को कहना चाहता हूं कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा SC-ST और OBC के आरक्षण पर हमले किए हैं। कर्नाटक में उनकी सरकार आई, 4 प्रतिशत अल्पसंख्यक आरक्षण किया, किसका कोटा काटा? OBC (आरक्षण) में कटौती की गई। आंध्र प्रदेश में उनकी सरकार आई, वहां भी उन्होंने 5 फीसदी अल्पसंख्यक आरक्षण किया। मैं देश की जनता को फिर से मोदी की गारंटी की याद दिलाना चाहता हूं कि जब तक भाजपा राजनीति में है SC-ST और पिछड़ा वर्ग के आरक्षण को कुछ नहीं होने देगी, ये मोदी की गारंटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *