प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, विपक्ष पहले अपनी हार का जिम्मेदार EVM को मानती थी, अब वे असमंजस में हैं, जानिए पूरा मामला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक दौरे पर थे। उन्होंने बेलगावी, उत्तर कन्नड़, दावणगेरे और बेल्लारी में सभाएं की। मोदी ने कहा कि ये (विपक्ष) पहले जब भी हार जाते थे तो EVM की टोपी पहना देते थे। चुनाव आते ही दिन-रात EVM की माला जपते रहते थे। अब परसों सुप्रीम कोर्ट ने ऐसा चांटा मारा कि वे असमंजस में हैं कि अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को सांत्वना देने के लिए क्या कहेंगे। अब पूरी कांग्रेस इसकी ड्राफ्टिंग में लगी है कि चुनाव हार जाएं तो क्या बयान देना है।  प्रधानमंत्री ने ये भी कहा, कांग्रेस के शहजादे को हमारे राजा-महाराजाओं के योगदान याद नहीं आते। ये वोटबैंक की राजनीति के लिए राजा-महाराजाओं के खिलाफ बोलने की हिम्मत करते हैं और नवाबों, बादशाहों और सुल्तानों के खिलाफ एक शब्द बोलने की ताकत नहीं है। कांग्रेस को देश की उपलब्धियां अच्छी नहीं लगती। कोरोना वैक्सीन पर भी सवाल उठाए थे। तुष्टिकरण ही कांग्रेस का लक्ष्य और मिशन है। PFI एक राष्ट्र विरोधी संगठन जिसे हमारी सरकार ने प्रतिबंधित कर दिया था, कांग्रेस अपने राजनीतिक फायदे के लिए एक माध्यम के रूप में इसका इस्तेमाल कर रही है। वायनाड (राहुल गांधी की संसदीय सीट) में सिर्फ एक सीट जीतने के लिए कांग्रेस ऐसे आतंकी संगठन का बचाव करने में जुटी है। शाम को मोदी बेल्लारी में जनसभा करेंगे।

PM ने कहा, हुबली में कॉलेज कैंपस में जो हुआ उसने देश में भूचाल ला दिया है, उस बेटी का परिवार एक्शन की मांग करता रहा लेकिन कांग्रेस की सरकार तुष्टिकरण के दबाव को ही प्राथमिकता देती है। उन्हें अपने वोट बैंक की चिंता है। आपको बता दें, हुबली के एक कॉलेज में 18 अप्रैल को कांग्रेस पार्षद की बेटी नेहा की हत्या की भी चर्चा की। नेहा को सरेआम फयाज ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। उन्होंने आगे कहा, बेंगलुरु के कैफे में धमाका हुआ तो भी कांग्रेस की सरकार में गंभीरता नहीं आई, उन्होंने यहां तक कह दिया कि गैस का सिलेंडर फटा होगा। कांग्रेस देश की जनता के आंखों में धूल क्यों झोंक रही है। हम देश की महिलाओं, किसानों, युवाओं और गरीबों को सशक्त बनाने के लिए काम कर रहे हैं। और दूसरी ओर, कांग्रेस आपकी संपत्ति, आपके सोने, स्त्री धन, मंगलसूत्र और न जाने क्या-क्या का एक्स-रे कराने की योजना बना रही है। कांग्रेस का लक्ष्य आपके घरों पर छापे मारना और आपके अधिकारों और संपत्तियों को छीनना है। कांग्रेस आपकी संपत्ति को अपने पसंदीदा वोट बैंक में बांटने की बात करती है। क्या आप अपनी मेहनत की कमाई किसी को दे देना चाहेंगे? क्या आप कांग्रेस को अपना मंगलसूत्र हड़पने देंगे? नहीं! क्या कोई ‘पंजा’ आपकी संपत्ति लूट सकता है? नहीं। मैं कांग्रेस को सचेत करना चाहता हूं, ये मंसूबे छोड़ दीजिए। 

मोदी ने आगे कहा, पिछले 10 वर्षों में भाजपा, NDA सरकार ने देश के नागरिकों की ईज ऑफ लिविंग के लिए बहुत काम किया है। इसका बड़ा उदाहरण भारतीय न्याय संहिता है, कांग्रेस मानसिक रूप से अंग्रेजों की गुलामी में ही जी रही थी। अब भारत में न्याय संहिता में दंड को नहीं, बल्कि न्याय देने को प्राथमिकता दी गई है। भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है, कुछ देशों को ये पसंद नहीं आ रहा। वे यही चाहते हैं कि सरकार कमजोर हो। कमजोर सरकार में ये लोग अपने हिसाब से जो भी काम निकलवाना होता है, बिना झिझक निकाल लेते हैं। कांग्रेस को भी इसमें करप्शन की खुली छूट रहती थी। तुम भी कमाओ, मैं भी कमाऊं। भाजपा की मजबूत सरकार ऐसे लोगों के लिए बहुत बड़ी चुनौती बन गई है। उनकी चिंता ये है कि ये ऐसी सरकार है, जो झुकती नहीं है। ये ऐसी सरकार है, जिसे कोई झुका नहीं सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *