मिजोरम में भारी बारिश और लैंडस्लाइड, अब तक 29 लोगो की हुई मौत, जानिए पूरा मामला

मिजोरम में लगातार बारिश और लैंडस्लाइड में मरने वालों की संख्या बढ़कर 29 हो गई है। इनमें 14 लोगों की मौत आइजोल में एक पत्थर की खदान ढहने से हुई। मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल हैं। 7 लोग अब भी लापता हैं। असम में भी तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। अलग-अलग घटनाओं में एक महिला सहित 4 लोगों की मौत हो गई। 18 घायल हो गए। नगालैंड में चार लोगों की मौत हो गई और 40 से ज्यादा घर तबाह हो गए। मेघालय में भारी बारिश के कारण दो लोगों की मौत हो गई और 500 से ज्यादा घायल हो गए। वहीं, मिजोरम के DGP अनिल शुक्ला ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि आइजोल शहर के दक्षिणी बाहरी इलाके में मेल्थम और ह्लिमेन के बीच पत्थर खदान पिछले तीन दशकों से बंद थी। यहां कई घर और वर्कर कैंप थे। मंगलवार सुबह 6 बजे यहां लैंडस्लाइड हुआ, जिससे करीब 22 लोग मलबे के नीचे दब गए। पत्थर खदान से 14 शवों को निकाला गया था। बुधवार दोपहर तक चार और शव निकाले गए। इनमें एक चार साल का लड़का और एक छह साल की लड़की है। 8 लापता लोगों की तलाश के लिए रात भर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा। इस दौरान मलबे में दबे दो लोगों को जिंदा निकाला गया।

तो वहीं, IMD ने मिजोरम के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम में 30 मई तक भारी बारिश का अलर्ट है। असम और मेघालय में 29 और 30 मई को बहुत भारी बारिश हो सकती है। साथ ही, मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने बारिश के कारण हुए हादसों में जान गंवाने वालों के परिवार को 4 लाख रुपए की मदद का ऐलान किया है। राज्य सरकार ने मौसम विभाग की चेतावनी के बाद सभी सरकारी और प्राइवेट दफ्तरों को बुधवार (29 मई) को बंद करने का आदेश दिया है। राज्य के सभी स्कूल और सरकारी दफ्तर बंद कर दिए गए थे। सरकारी दफ्तर बंद थे। प्राइवेट कंपनियों को अपने कर्मचारियों से घर से काम करवाने के लिए कहा गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *