Amaal Mallik: परिवार पर बात आई तो भड़के अमाल मलिक, बोले- मुझे सलमान खान और संजय दत्त जैसा गुस्सा आता है

Amaal Mallik On Trolling Amaal Mallik On Trolling

Amaal Mallik On Trolling: संगीतकार और सिंगर अमाल मलिक इन दिनों अपने गाने ‘मैं हूं हीर तेरा’ के क्रेडिट को लेकर चर्चा में हैं। इसी विवाद के बीच अब अमाल ने सोशल मीडिया पर अपने परिवार को निशाना बनाने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि उनके परिवार को लेकर किसी भी तरह की टिप्पणी वह बर्दाश्त नहीं करेंगे। अमाल ने यह चेतावनी ऐसे समय में दी है, जब सोशल मीडिया पर उनके भाई अरमान मलिक को लेकर भी कुछ प्रोफाइल्स की ओर से टिप्पणियां की जा रही थीं।

दरअसल, कुछ दिन पहले सलमान खान फिल्म्स की ओर से फिल्म ‘हीरो’ की सालगिरह के मौके पर एक वीडियो पोस्ट किया गया था। यह वीडियो फिल्म के गाने ‘मैं हूं हीरो तेरा’ से जुड़ा था। गाने का सलमान खान वाला वर्जन पोस्ट में इस्तेमाल किया गया, लेकिन पोस्ट के कैप्शन में संगीतकार अमाल मलिक का नाम नहीं था। इसी बात पर अमाल ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी।

अरमान मलिक को लेकर भी बोले अमाल

अब इस मामले ने एक और मोड़ तब लिया जब अमाल ने बताया कि विवाद के बीच कुछ सोशल मीडिया अकाउंट उनके भाई अरमान मलिक को भी निशाना बना रहे हैं। अमाल के मुताबिक अरमान ने इस पूरे मामले में उनका समर्थन किया था, जिसके बाद कुछ प्रोफाइल्स ने उनके भाई पर टिप्पणी करनी शुरू कर दी।

अमाल ने गाने के क्रेडिट को लेकर अपना पक्ष रखते हुए बताया कि इस गाने की रचना उन्होंने की थी, इसके बोल कुमार ने लिखे थे और अरमान मलिक ने इसका मूल वर्जन गाया था। उनके अनुसार यह वर्जन मंजूर भी किया गया था, जिसके बाद सलमान खान ने अपनी आवाज में गाने का एक अलग वर्जन रिकॉर्ड किया।

‘मेरे परिवार को निशाना बनाया तो बर्दाश्त नहीं करूंगा’

अमाल ने कहा कि गाने के निर्माण में जुड़े हर कलाकार की अपनी भूमिका थी। उन्होंने सलमान खान के वर्जन की लोकप्रियता को भी नकारा नहीं, लेकिन साथ ही अपने और कुमार के योगदान तथा अरमान की आवाज में तैयार किए गए वर्जन का जिक्र किया।

उन्होंने यह भी कहा कि उनके लिए यह विवाद सिर्फ एक छोटे क्रेडिट का मामला नहीं है। अमाल ने अपने परिवार और उसकी विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि उनके दादा ने करीब 76 साल पहले इस सफर की शुरुआत की थी और वह तथा उनके भाई अपने पिता के सपनों और परिवार की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं।

‘20 साल बाद इतना गुस्सा आया है’

अमाल ने सोशल मीडिया पर इंडस्ट्री में चल रही राजनीति, नफरत और उनके परिवार पर की जाने वाली टिप्पणियों को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि उन्होंने 16 साल की उम्र से काम करना शुरू किया था और करीब 20 साल में पहली बार उन्हें इस स्तर पर गुस्सा आया है।

अपने अंदाज में अमाल ने लिखा कि संगीत की दुनिया में उनका अंदाज भले ही शाहरुख खान जैसा हो, लेकिन गुस्सा सलमान खान और संजय दत्त जैसा है। उन्होंने साफ किया कि उनके पिता डब्बू मलिक और उनका परिवार ऐसे हमलों को चुपचाप स्वीकार नहीं करेगा।

अमाल ने आगे चेतावनी दी कि अगर कोई उनके परिवार को धमकाने या निशाना बनाने की कोशिश करता है तो वह उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया यूजर्स को यह भी कहा कि वह कथित तौर पर प्रोफाइल्स की पहचान और आईपी एड्रेस का पता लगाकर एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई कर सकते हैं। अब अमाल के इस बयान के बाद ‘Main Hoon Hero Tera’ के क्रेडिट विवाद के साथ-साथ सोशल मीडिया पर परिवार को लेकर शुरू हुई बहस भी चर्चा में है।