Tanishaa Mukerji Controversy: बॉलीवुड अभिनेत्री तनिशा मुखर्जी अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने शादीशुदा पुरुष के साथ अफेयर रखने वाली महिलाओं को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। तनिशा का कहना है कि ऐसी महिलाएं खुद को फेमिनिस्ट नहीं कह सकतीं, बल्कि उनका व्यवहार दूसरी महिला के प्रति असम्मान दिखाता है। हालांकि, उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है और पत्रकार ऋचा लखेड़ा ने तनिशा के नजरिए पर सवाल उठाए हैं।
शादीशुदा पुरुष से रिश्ता रखने वाली महिलाओं पर क्या बोलीं तनिशा?
तनिशा मुखर्जी ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि अगर कोई महिला किसी शादीशुदा पुरुष के साथ रिश्ता बनाती है तो वह उस पुरुष की पत्नी के प्रति सम्मान नहीं दिखा रही है। तनिशा ने यह भी कहा कि इस तरह के मामले में सिर्फ महिला को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता, क्योंकि शादीशुदा पुरुष भी अपने रिश्ते के प्रति ईमानदार नहीं रहा।
तनिशा ने अपने पोस्ट में शादीशुदा पुरुषों के पीछे जाने वाली महिलाओं के लिए बेहद सख्त शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ऐसी महिलाएं बच्चों के लिए रोल मॉडल बन सकती हैं। उनका कहना था कि रिश्तों में अपनी सीमाएं तय करना जरूरी है।
एक यूजर ने तनिशा की बात का किया समर्थन
तनिशा के पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। एक यूजर ने अभिनेत्री की बात का समर्थन करते हुए कहा कि जानबूझकर किसी की शादीशुदा जिंदगी को नुकसान पहुंचाने वाले व्यक्ति की आलोचना होनी चाहिए, चाहे वह पुरुष हो या महिला।
यूजर ने यह भी कहा कि शादीशुदा लोगों से दूरी बनाए रखना बेहतर है और किसी अकेले व्यक्ति के साथ रिश्ता बनाने के लिए लोगों के पास पर्याप्त विकल्प मौजूद हैं।
पत्रकार ऋचा लखेड़ा ने उठाया सवाल
हालांकि, पत्रकार ऋचा लखेड़ा ने तनिशा के बयान के उस हिस्से पर आपत्ति जताई, जहां महिला के लिए ज्यादा कठोर शब्द इस्तेमाल किए गए थे। उनका तर्क था कि शादी के रिश्ते में वादा पुरुष ने भी किया होता है और अगर वह उस वादे को तोड़ता है तो उसकी जिम्मेदारी को कम करके नहीं देखा जाना चाहिए।
ऋचा ने सवाल किया कि अगर शादीशुदा पुरुष के लिए सिर्फ उसके चरित्र पर सवाल उठाने जैसी बात कही जा रही है, जबकि दूसरी महिला को ‘ईविल’ बताया जा रहा है, तो जिम्मेदारी का पैमाना बराबर कैसे हुआ।
रिश्तों में जिम्मेदारी पर फिर शुरू हुई बहस
तनिशा और ऋचा के विचारों के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर यह चर्चा शुरू हो गई है कि शादीशुदा व्यक्ति के अफेयर में आखिर जिम्मेदारी किसकी कितनी होती है। एक पक्ष जहां रिश्ते में शामिल दूसरी महिला को भी जवाबदेह मानता है, वहीं दूसरा पक्ष शादीशुदा व्यक्ति की जिम्मेदारी और उसके किए वादे को सबसे अहम मानता है।