King Release Date: शाहरुख खान ने साफ किया, नहीं बदलेगी ‘किंग’ की रिलीज डेट, बोले- 24 दिसंबर को मिलते हैं

Shahrukh Khan On King Release Date Shahrukh Khan On King Release Date

Shahrukh Khan On King Release Date: बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान की मच अवेटेड फिल्म ‘किंग’ को लेकर चल रही रिलीज डेट बदलने की अटकलों पर अब खुद अभिनेता ने विराम लगा दिया है। शाहरुख खान ने साफ कर दिया है कि उनकी फिल्म तय समय पर सिनेमाघरों में पहुंचेगी। मंगलवार को #AskSRK सेशन के दौरान एक फैन ने फिल्म की रिलीज डेट को लेकर सवाल पूछा, जिसके जवाब में शाहरुख ने मजेदार अंदाज में कहा कि 24 दिसंबर की तारीख को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है।

24 दिसंबर को ही रिलीज होगी ‘किंग’

शाहरुख खान ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फैंस के साथ सवाल-जवाब किए। इसी दौरान एक प्रशंसक ने पूछा कि क्या दूसरी फिल्मों के बीच ‘किंग’ फंस गई है और इसकी रिलीज डेट बदली जा सकती है। शाहरुख ने इस सवाल का जवाब अपने चुटीले अंदाज में दिया और संकेत दिया कि फिल्म की तारीख में कोई बदलाव नहीं होने वाला है।

अभिनेता ने ये भी साफ किया कि दर्शकों को फिल्म के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। ऐसे में अब फिल्म के फैंस 24 दिसंबर 2026 का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

ट्रेलर के लिए अभी करना होगा इंतजार

फिल्म की रिलीज में करीब 100 दिन बाकी हैं और फैंस इसके ट्रेलर का भी इंतजार कर रहे हैं। एक प्रशंसक ने शाहरुख से ट्रेलर दिखाने की मांग की। इस पर अभिनेता ने कहा कि अभी ट्रेलर के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा। उन्होंने संकेत दिया कि फिल्म की टीम जल्दबाजी में कोई प्रमोशनल सामग्री जारी नहीं करना चाहती।

शाहरुख ने यह भी बताया कि ‘किंग’ में दर्शकों को एक्शन, गाने, कलाकारों के साथ-साथ उनका नया लुक भी देखने को मिलेगा। उन्होंने मजाकिया अंदाज में अपने बालों का भी जिक्र किया और कहा कि फिल्म में देखने के लिए काफी कुछ है।

सिद्धार्थ आनंद तैयार कर रहे हैं प्रमोशनल सामग्री

‘किंग’ के प्रमोशनल कंटेंट में हो रही देरी को लेकर भी शाहरुख ने फैंस को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्देशक सिद्धार्थ आनंद और उनकी टीम फिल्म से जुड़े प्रमोशनल एसेट्स को बेहतर तरीके से तैयार करने में जुटी है। अभिनेता के मुताबिक टीम चाहती है कि जब भी ये सामग्री सामने आए तो दर्शकों को उसका पूरा आनंद मिले।

कंधे की चोट के बाद उठी थी डेट बदलने की चर्चा

इससे पहले शाहरुख खान के शूटिंग के दौरान कंधे में चोट लगने की खबर सामने आई थी। इसके बाद ऐसी रिपोर्ट्स आई थीं कि शूटिंग कुछ समय के लिए रोकनी पड़ी और अभिनेता को आराम की जरूरत थी। इसी वजह से फिल्म की रिलीज आगे बढ़ने की अटकलें भी लगने लगी थीं। हालांकि अब शाहरुख के बयान से इन चर्चाओं पर काफी हद तक विराम लग गया है।

कौन-कौन है ‘किंग’ में?

‘किंग’ का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। फिल्म में शाहरुख खान मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ दीपिका पादुकोण, सुहाना खान, अभिषेक बच्चन, जयदीप अहलावत, अभय वर्मा और अरशद वारसी जैसे कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मारफ्लिक्स पिक्चर्स मिलकर कर रहे हैं।

फिलहाल शाहरुख खान के फैंस के लिए सबसे बड़ी खबर यही है कि ‘किंग’ की रिलीज डेट 24 दिसंबर 2026 ही है। अब निगाहें फिल्म के ट्रेलर और बाकी प्रमोशनल सामग्री पर टिकी हैं।