Mandakini on Dawood Ibrahim Photo: ‘राम तेरी गंगा मैली’ से रातों-रात स्टार बनीं मंदाकिनी लंबे समय बाद एक पुराने विवाद को लेकर चर्चा में हैं। अभिनेत्री की अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के साथ सामने आई एक तस्वीर ने 80 और 90 के दशक में खूब सुर्खियां बटोरी थीं। इस तस्वीर के बाद मंदाकिनी के नाम को दाऊद से जोड़कर कई तरह की खबरें सामने आईं। अब सालों बाद एक्ट्रेस ने उस तस्वीर और पूरे विवाद को लेकर अपनी बात रखी है। मंदाकिनी ने साफ किया कि वह दाऊद के बुलाने पर दुबई नहीं गई थीं, बल्कि एक प्रोफेशनल शो के सिलसिले में वहां पहुंची थीं।
स्टेज शो के लिए गई थीं दुबई
एएनआई को दिए इंटरव्यू में मंदाकिनी ने बताया कि वह अपने काम के सिलसिले में दुबई गई थीं। उनका वहां एक स्टेज शो था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह क्रिकेट मैच देखने के लिए स्टेडियम पहुंचीं। उनके मुताबिक, उस मैच में कई दूसरे फिल्मी सितारे और मशहूर लोग भी मौजूद थे। इसी दौरान उनकी दाऊद इब्राहिम के साथ तस्वीर खींची गई।
मंदाकिनी का कहना है कि उस वक्त उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि यह तस्वीर आने वाले समय में उनके लिए इतनी बड़ी परेशानी बन जाएगी। बाद में तस्वीर सामने आने के बाद मीडिया में उनके और दाऊद के बीच रिश्ते को लेकर कई तरह की बातें कही जाने लगीं।
‘दाऊद ने मुझे नहीं बुलाया था’
पुरानी तस्वीर पर सफाई देते हुए मंदाकिनी ने कहा कि एक कलाकार होने के नाते उनसे बहुत से लोग मिलते हैं। उनके मुताबिक, किसी सार्वजनिक जगह पर मिलने वाले हर व्यक्ति के बारे में पहले से यह पता लगाना संभव नहीं होता कि वह कौन है या उसके साथ तस्वीर का भविष्य में किस तरह इस्तेमाल किया जाएगा।
एक्ट्रेस ने यह भी स्पष्ट किया कि दुबई जाने के पीछे दाऊद की ओर से कोई निजी निमंत्रण नहीं था। वह अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट के तहत वहां गई थीं। उनके अनुसार, उस समय वहां मौजूद लोगों के साथ सामान्य तरीके से मुलाकात हुई और तस्वीर भी उसी दौरान ली गई।
एक तस्वीर ने बदल दिया करियर
मंदाकिनी ने इस विवाद को अपने करियर के लिए बेहद नुकसानदेह बताया। उन्होंने कहा कि तस्वीर सामने आने के बाद उनके बारे में ऐसी खबरें और कहानियां चलने लगीं, जिनका वह लगातार खंडन करती रहीं। लेकिन इन चर्चाओं का उनके काम पर असर पड़ा।
एक्ट्रेस ने माना कि उस दौर में उन्हें यह समझ नहीं थी कि इस तरह के विवादों से मीडिया और पब्लिक रिलेशन के स्तर पर कैसे निपटा जाता है। उन्होंने कहा कि बाद में उन्हें महसूस हुआ कि कलाकार के साथ एक मजबूत पीआर और मैनेजमेंट टीम का होना कितना जरूरी है।
‘राम तेरी गंगा मैली’ से मिली थी पहचान
मंदाकिनी ने राज कपूर की 1985 में रिलीज हुई फिल्म ‘राम तेरी गंगा मैली’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। फिल्म में राजीव कपूर के साथ नजर आईं मंदाकिनी अपने पहले ही प्रोजेक्ट से दर्शकों के बीच पहचान बनाने में कामयाब रही थीं। फिल्म की सफलता ने उन्हें उस दौर की चर्चित अभिनेत्रियों में शामिल कर दिया।
इसके बाद उन्होंने ‘जीवा’, ‘डांस डांस’, ‘प्यार करके देखो’, ‘कमांडो’, ‘जीते हैं शान से’ और ‘कहां है कानून’ जैसी फिल्मों में काम किया। इस दौरान उन्होंने मिथुन चक्रवर्ती, गोविंदा और आदित्य पंचोली जैसे कलाकारों के साथ भी स्क्रीन शेयर की।
1996 में रिलीज हुई ‘जोरदार’ मंदाकिनी की आखिरी फिल्मों में रही। इसके बाद उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से दूरी बना ली। अब अपनी पुरानी तस्वीर को लेकर दिए बयान के बाद एक बार फिर मंदाकिनी के फिल्मी दौर और उससे जुड़े विवादों की चर्चा हो रही है।