बॉलीवुड में डेब्यू कर रहे अहान पांडे और अनीत पड्डा की फिल्म सैंयारा को लेकर फिल्म इंडस्ट्री में खासा उत्साह देखा जा रहा है। यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनी यह रोमांटिक ड्रामा 18 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। हालांकि, रिलीज से ठीक पहले यह फिल्म विवादों में आ गई है। कारण है सेंसर बोर्ड द्वारा लगाए गए सख्त निर्देश, जिनके तहत फिल्म से कुछ दृश्य और संवाद हटाए गए हैं।
CBFC ने क्यों चलाई कैंची?
केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने फिल्म को U/A 16+ सर्टिफिकेट के साथ पास किया है, लेकिन इस शर्त पर कि निर्माता फिल्म से लगभग 10 सेकंड के ‘संवेदनशील’ दृश्य हटाएंगे। इन दृश्यों में शारीरिक निकटता और कुछ बोल्ड विजुअल्स शामिल थे, जिन्हें बोर्ड ने ‘अनुचित’ करार दिया। इसके अलावा फिल्म में चार ऐसे संवादों को भी बदला गया, जिन्हें आपत्तिजनक भाषा माना गया था। हालांकि, इन शब्दों की स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
CBFC ने एक और निर्देश जारी करते हुए फिल्म के उन दृश्यों में स्टैटिक डिस्क्लेमर लगाने को कहा है जहां किरदार दोपहिया वाहन चला रहे हैं। यह संदेश हेलमेट पहनने की जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए है।
सुपरमैन विवाद से मिलती-जुलती स्थिति
‘सैंयारा’ का यह सेंसर विवाद उस समय सामने आया है जब महज कुछ दिन पहले ही हॉलीवुड फिल्म सुपरमैन को भी CBFC ने सेंसरशिप का सामना करना पड़ा था। उस फिल्म में 33 सेकंड के इंटीमेट सीन्स को हटाने के निर्देश दिए गए थे। दोनों ही मामलों में सेंसरशिप की सीमाओं को लेकर दर्शकों में तीखी बहस छिड़ गई है। एक ओर जहां सेंसर बोर्ड नैतिकता और संस्कृति की रक्षा की बात करता है, वहीं दर्शकों का एक तबका इसे रचनात्मक स्वतंत्रता में हस्तक्षेप मान रहा है।
फिल्म की रिलीज़ और उम्मीदें
फिल्म ‘सैंयारा’ का निर्देशन मोहित सूरी ने किया है, जो इससे पहले ‘आशिकी 2’, ‘आवारापन’ और ‘मलंग’ जैसी फिल्मों से दर्शकों का दिल जीत चुके हैं। यह फिल्म यशराज बैनर के लिए भी अहम है क्योंकि इसमें दो नए चेहरे लॉन्च हो रहे हैं। अनीत पड्डा ने पहले ही अपनी अभिनय क्षमता को वेब सीरीज़ ‘Big Girls Don’t Cry’ में साबित कर दिया है।
फिल्म की एडवांस बुकिंग से यह स्पष्ट है कि दर्शकों में इसे लेकर खासा उत्साह है। हालांकि, सेंसरशिप के कारण कुछ दर्शक असंतुष्ट भी नजर आ रहे हैं। अब देखना यह है कि मोहित सूरी की यह रोमांटिक पेशकश दर्शकों के दिल को छू पाती है या सेंसरशिप का यह मुद्दा फिल्म की रफ्तार को प्रभावित करता है।
सैयारा: सेंसर बोर्ड ने फिल्म पर चलाई कैंची, मोहित सूरी की फिल्म से हटे बोल्ड सीन्स