मुंबई में धूल भरी आंधी के बाद हुई बारिश, बिलबोर्ड गिरने से फंसे 67 लोग, NDRF ने किया रेस्क्यू, जानिए पूरा मामला

मुंबई में धूल भरी आंधी के बाद बारिश भी शुरू हो गई। दिन भर अंधेरा छाया रहा। इसके चलते घाटकोपर में बिलबोर्ड गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई और 59 लोग जख्मी हो गए। NDRF के मुताबिक, बिलबोर्ड गिरने से फंसे 67 लोगों का रेस्क्यू किया गया। बचाव कार्य फिलहाल जारी है। वहीं, मौसम में आए बदलाव का मुंबई एयरपोर्ट के ऑपरेशन पर असर पड़ा। कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को डायवर्ट किया गया, जबकि कुछ का समय बदल गया। मेट्रो, लोकल रेल सर्विस भी प्रभावित हुई। हालांकि, दो घंटे बाद फिर से सेवाएं शुरू हो गईं। मुंबई के घाटकोपर, बांद्रा, कुर्ला, धारावी, दादर,माहिम, मुलुंड और विक्रोली में तेज हवा के साथ बारिश हुई। इनके अलावा, मुंबई के उपनगर ठाणे, अंबरनाथ, बदलापुर, कल्याण और उल्लासनगर में भी धूल भरी आंधी चली। यहां 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिन ऐसा ही मौसम रह सकता है। पालघर और ठाणे जिलों में अलग-अलग स्थानों पर 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ बिजली गिर सकती है।

वहीं, देश में आंधी-बारिश और ओले का दौर जारी है। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 5 दिन तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों के कई जिलों में ओले भी गिर सकते हैं। राजस्थान में 16 मई तक बरसात का दौर बना रहेगा। मौसम विभाग ने कहा है कि आज देश के 25 राज्यों में बारिश होगी। इनमें मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र के अलावा पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, बिहार और झारखंड भी शामिल हैं। साथ ही नॉर्थ-ईस्ट के 7 राज्य भी शामिल हैं। बारिश के चलते राज्यों में हीटवेव का असर लगभग खत्म हो गया है, लेकिन गर्मी का असर बरकरार है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में रविवार को तापमान 40 से 42 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया। राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 3 दिन बाद हीटवेव की संभावना है। रविवार को देश में सबसे ज्यादा तापमान मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *