Gondhal Marathi Film Oscars 2027: मराठी फिल्म ‘गोंधल’ के भारत की ओर से ऑस्कर 2027 की आधिकारिक एंट्री चुने जाने के बाद फिल्म के निर्देशक संतोष दावखर बेहद उत्साहित हैं। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया ने शुक्रवार को ऐलान किया कि संतोष दावखर के निर्देशन में बनी ‘गोंधल’ 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री होगी। इस खबर के बाद निर्देशक ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उनके लिए यह अनुभव किसी ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने जैसा है।
संतोष दावखर ने बातचीत में फिल्म के चयन पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि सिर्फ उनकी नहीं बल्कि पूरी टीम की मेहनत और परिवार के सहयोग का परिणाम है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलने को उन्होंने अपने लिए बेहद गर्व का क्षण बताया।
अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाई फिल्म
‘गोंधळ’ को लेकर संतोष दावखर ने बताया कि फिल्म बनाते समय उन्होंने इसकी कहानी और प्रस्तुति को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों की पसंद के हिसाब से तैयार करने की कोशिश की थी। उनका उद्देश्य था कि फिल्म वैश्विक स्तर पर दूसरी फिल्मों के साथ प्रतिस्पर्धा कर सके। इसी सोच के साथ उन्होंने फिल्म की कहानी में भारतीय संस्कृति और परंपराओं को प्रमुखता दी।
निर्देशक ने फिल्म फेस्टिवल्स के अपने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि कई जगह भारतीय सिनेमा को गरीबी और जातिगत मुद्दों से जुड़ी कहानियों तक सीमित नजरिए से देखा जाता है। ऐसे में उन्होंने भारत की समृद्ध विरासत और संस्कृति को कहानी के केंद्र में रखने का फैसला किया। उनके मुताबिक ‘गोंधळ’ इसी सोच का परिणाम है।
कई भाषाओं में रिलीज होगी ‘गोंधल’
ऑस्कर की रेस में शामिल होने के साथ ही फिल्म को दूसरी भारतीय भाषाओं में दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी भी चल रही है। संतोष दावखर के अनुसार ‘गोंधळ’ जल्द ही हिंदी, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज की जाएगी। निर्देशक ने फिल्म को लेकर एक खास बात भी बताई। उनका कहना है कि इसे सिर्फ ओटीटी पर देखने के बजाय बड़े पर्दे पर अनुभव किया जाना चाहिए।
उन्होंने फिल्म के एक लंबे टेक का जिक्र करते हुए बताया कि इसकी शुरुआत का एक शॉट करीब 26 मिनट तक चलता है और इसे एक ही टेक में फिल्माया गया है। निर्देशक के मुताबिक दर्शकों के लिए यह सीक्वेंस खास अनुभव हो सकता है।
शुरू हो गया ऑस्कर अभियान
‘गोंधळ’ के ऑस्कर अभियान की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। दावखर ने बताया कि फिल्म के प्रचार के लिए फिनलैंड की सोशल मीडिया टीम और लॉस एंजिल्स की मीडिया पीआर टीम को जोड़ा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि पीआर से जुड़े व्यक्ति पहले ऑस्कर के लिए नामांकित 27 फिल्मों पर काम कर चुके हैं।
निर्देशक ने इस उपलब्धि को क्षेत्रीय सिनेमा के लिए महत्वपूर्ण बताया। मराठी सिनेमा की फिल्म का लंबे अंतराल के बाद भारत की ऑस्कर एंट्री बनना उनके लिए खास बात है। ‘गोंधळ’ का चयन अब फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर देता है, हालांकि ऑस्कर की अंतिम दौड़ में आगे क्या होता है, यह आने वाले चरणों में तय होगा।
संतोष दावखर ने यह भी कहा कि उनकी निजी जिंदगी में आए संघर्षों की झलक फिल्म के किरदारों में दिखाई देती है। अब उनकी फिल्म भारत की आधिकारिक एंट्री के रूप में 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स की प्रक्रिया में शामिल हो चुकी है।