लापता बांग्लादेश के सांसद अनवारुल अजीम अनार कोलकाता के एक फ्लैट में मिले मृत, जानिए पूरा मामला

भारत में 8 दिन से लापता बांग्लादेश के सांसद अनवारुल अजीम अनार कोलकाता के एक फ्लैट में मृत मिले। बांग्लादेश के गृहमंत्री असदुज्जमां खान ने कोलकाता पुलिस के हवाले से इसकी पुष्टि की है। कोलकाता पुलिस ने बताया कि सांसद अनवारुल का शव न्यू टाउन इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पुलिस ने इस मामले में 3 बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही इसे प्री-प्लान मर्डर बताया है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, सांसद अनवारुल 12 मई को इलाज के लिए कोलकाता आए थे। इसके अगले दिन ही वे लापता हो गए। अनवारुल का 13 मई से फोन भी बंद आ रहा था। इसके बाद 17 मई को उनका फोन बिहार के किसी इलाके में कुछ देर के लिए ऑन हुआ था। वहीं पुलिस का कहना है कि उनके फोन से परिवार के सदस्यों को संदेश भेजे गए थे कि वह नई दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं।

तो वहीं, पुलिस सूत्रों के मुताबिक अनवारुल 12 मई को अपने एक फैमिली फ्रेंड गोपाल बिस्वास से मिलने कोलकाता में उनके घर गए थे। अगले दिन वह डॉक्टर से मिलने की बात कहकर वहां से रवाना हो गए। उन्होंने कहा था कि वह शाम को लौटेंगे। अनवारुल ने बिधान पार्क में कलकत्ता पब्लिक स्कूल के सामने से टैक्सी ली। शाम को उन्होंने गोपाल को वॉट्सऐप मैसेज कर बताया कि वह दिल्ली जा रहे हैं। इसके बात उनकी लोकेशन नहीं मिली। कोलकाता पुलिस ने अनवारुल के दोस्त के घर की तलाशी ली है। आवासीय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा रही है। पुलिस उन लोगों के बारे में भी पता लगाने की कोशिश कर रही है जो उस फ्लैट में अक्सर आते-जाते थे। बांग्लादेशी दूतावास भी लगातार पुलिस के संपर्क में है। बांग्लादेश की सरकार ने पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *