लालकृष्ण आडवाणी की तबीयत बिगड़ी, अपोलो अस्पताल में किया भर्ती, यह डेढ़ महीने में तीसरी बार, जानिए पूरा मामला

भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी (96) की तबीयत फिर खराब हो गई। उन्हें दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। न्यूरोलॉजिस्ट डॉ विनीत सूरी की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। इससे पहले 26 जून को AIIMS दिल्ली में यूरोलॉजी डिपार्टमेंट की निगरानी में उनका एक छोटा ऑपरेशन हुआ था। अगले दिन उन्हें अस्पताल से छुट्‌टी मिल गई थी। करीब एक हफ्ते बाद 3 जुलाई को रात 9 बजे अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अपोलो में भर्ती कराया गया था। हालांकि एक दिन बाद ही वे घर आ गए थे। आपको बता दें, लालकृष्ण आडवाणी को 31 मार्च को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न दिया गया था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनके घर जाकर भारत रत्न से सम्मानित किया था। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, गृह मंत्री अमित शाह और पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री मोदी ने 3 फरवरी को उन्हें भारत रत्न देने की घोषणा की थी। इससे पहले 2015 में आडवाणी को देश के दूसरे सबसे नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।

आपको बता दें, लोकसभा चुनाव 2024 में NDA की लगातार तीसरी बार जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 जून को लालकृष्ण आडवाणी से आशीर्वाद लेने पहुंचे थे। इस दौरान उन्‍होंने आडवाणी को गुलदस्‍ता भेंट किया था। आडवाणी का जन्म 8 नवंबर 1927 को कराची में हुआ था। 2002 से 2004 के बीच अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में 7वें उप प्रधानमंत्री रहे। इस दौरान 1998 से 2004 के बीच NDA सरकार में गृहमंत्री भी रहे थे। वे भाजपा के फाउंडर मेंबर्स में शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *