केजरीवाल ने मोदी से की अपील, मेरे माता-पिता को प्रताड़ित न करें, जानिए पूरा मामला

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने कहा, आज मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को एक संदेश, एक अपील देना चाहता हूं। प्रधानमंत्री जी, आपने मुझे झुकाने और तोड़ने की बहुत कोशिशें कीं। आपने मुझे गिरफ्तार कर लिया। तिहाड़ में तरह-तरह से प्रताड़ित करके मुझे तोड़ने की कोशिश की, लेकिन मैं नहीं टूटा। आज तो आपने सारी हदें, सारी सीमाएं पार कर दीं। आपने मुझे तोड़ने के लिए मेरे बूढ़े माता-पिता को निशाना बनाया। मेरी मां कई बीमारियों की शिकार है। मोदी जी, जब आपने 21 मार्च को मुझे गिरफ्तार किया था, उसी दिन वे अस्पताल से लौटी थीं। मेरे बूढ़े और बीमार माता-पिता को क्यों प्रताड़ित कर रहे हैं। आपकी लड़ाई मुझसे है। दरअसल, दिल्ली पुलिस स्वाति मालीवाल मारपीट-बदसलूकी केस में केजरीवाल की पत्नी और उनके माता-पिता से पूछताछ करने वाली थी। 

न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पुलिस टीम आज दिल्ली सीएम आवास नहीं जाएगी। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, स्वाति मालीवाल ने मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराया था। उसमें उन्होंने बताया कि वह CM आवास के अंदर तब गई थीं, जब CM के माता-पिता और उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल वहां मौजूद थीं। वह उनसे मिलकर बाहर आ गईं। इसलिए पुलिस उनका बयान लेने के लिए दो दिन का समय मांग रही है। दरअसल, राज्यसभा सांसद मालीवाल ने आरोप लगाया था 13 मई को केजरीवाल के PA बिभव कुमार ने CM हाउस में उनके साथ मारपीट की थी। पुलिस ने मामले में 16 मई को FIR दर्ज की थी। बिभव को CM हाउस से 18 मई अरेस्ट किया गया था। वहीं, केजरीवाल के PA बिभव कुमार को आज तीस हजारी कोर्ट में पेश किया जाएगा। आम आदमी पार्टी (AAP) की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से मारपीट-बदसलूकी केस में कोर्ट ने 18 मई को उन्हें 5 दिनों की रिमांड पर भेजा था। आज बिभव की रिमांड खत्म हो रही है।

वहीं, अरविंद केजरीवाल ने बीते दिन स्वाति मालीवाल और अपने PA बिभव कुमार के बीच हुई कथित मारपीट पर पहली बार बयान दिया। न्यूज एजेंसी PTI से उन्होंने कहा, यह घटना मेरे सामने नहीं हुई है। मामले के दो पहलू हैं। पुलिस को इसकी निष्पक्ष जांच करनी चाहिए और न्याय होना चाहिए। केजरीवाल ने आगे कहा कि मामला फिलहाल कोर्ट में है। इसलिए वे इस पर कुछ ज्यादा नहीं बोलना चाहते। साथ ही, केजरीवाल के बयान के बाद स्वाति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, मेरे कंप्लेंट फाइल करते ही नेताओं और वालंटियर की पूरी आर्मी मेरे पीछे लगाई गई। मुझे BJP का एजेंट बुलाया गया। मेरा चरित्र हरण कराया गया। एडिट करके वीडियो लीक की गई। मेरी विक्टिम शेमिंग करी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *