महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कांग्रेस काटेगी 5 विधायकों का टिकट, जानिए पूरा मामला

महाराष्ट्र में विधान परिषद (MLC) के चुनाव में क्रांस वोटिंग करने वाले कांग्रेस के 5 विधायकों का विधानसभा चुनाव में टिकट काटेगा। सूत्रों के अनुसार इनके बदले पार्टी नए चेहरों को मौका देगी। हालांकि कांग्रेस की ओर से इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। सूत्रों के अनुसार टिकट कटने वाले विधायकों में सुलभा खोडके, जीशान सिद्दीकी, हीरामन खोसकर, जितेश अंतापूरकर, मोहन हंबर्डे शामिल हैं। महाराष्ट्र में विधान परिषद (MLC) के चुनाव में कांग्रेस के 7 से 8 विधायकों के क्रॉस वोटिंग करने की खबर सामने आई थी। यह खबर महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर विपक्षी गठबंधन महाविकास अघाड़ी (MVA) की बैठक से एक दिन पहले आई है। 7 अगस्त को सीट शेयरिंग का फॉर्मूला और अन्य पहलुओं पर MVA की बैठक होनी है। अक्टूबर महीने में महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव होने हैं। राज्य में विधानसभा की 288 सीटें हैं। महाराष्ट्र में शिवसेना (UBT), कांग्रेस और एनसीपी (SP) महाविकास अघाड़ी (MVA) गठबंधन में है।

महाराष्ट्र में 12 जुलाई को हुए विधान परिषद (MLC) के चुनाव में NDA गठबंधन ने 11 में से 9 सीटें जीती। वहीं INDIA गठबंधन के तीन प्रत्याशी खड़े थे, जिनमें 2 ही जीत सके। चुनाव में कांग्रेस के 7 से 8 विधायकों के क्रॉस वोटिंग करने की खबर सामने आई थी। विधान परिषद चुनाव में जीत के लिए एक कैंडिडेट को 23 विधायकों के वोट चाहिए थे। इनमें भाजपा के 103, शिवसेना (शिंदे गुट) के 38, NCP (अजित गुट) के 42, कांग्रेस के 37, शिवसेना (UBT) के 15 और NCP (शरद पवार) के 10 विधायक हैं। कल बुधवार को विधानसभा चुनाव के लिए सीट शेयरिंग का फॉर्मूला और अन्य पहलुओं पर महाविकास अघाड़ी की बैठक होनी है। इसमें शिवसेना (UBT), कांग्रेस, NCP शरदचंद्र पवार तीनों प्रमुख पार्टी के वरिष्ट नेता शामिल होंगे।

तो वहीं, इसको लेकर बीते दिनों मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड ने कहा, महाविकास आघाड़ी की बैठक से पहले मुंबई में मुंबई कांग्रेस और महाराष्ट्र कांग्रेस की मीटिंग हुई। इस मीटिंग में महाराष्ट्र कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्निथला के सामने विधानसभा चुनाव में पार्टी की रणनीति, मुद्दों पर चर्चा हुई। आगे उन्होंने कहा कि मुंबई को लेकर मेरी बात उद्धव ठाकरे से हुई है। बातचीत का दौर अभी शुरू है। हम लोग मिलकर चुनाव लड़ेंगे। आपको बता दें, महाराष्ट्र में इस वक्त बीजेपी-शिवसेना (शिंदे गुट) की सरकार है। इसका कार्यकाल 8 नवंबर 2024 को खत्म हो रहा है। अक्टूबर 2024 में चुनाव हो सकते हैं। महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर 2019 में चुनाव हुए थे। बीजेपी 106 विधायकों के साथ राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनी। मुख्यमंत्री पद को लेकर शिवसेना और बीजेपी गठबंधन में बात नहीं बन पाई। 56 विधायकों वाली शिवसेना ने 44 विधायकों वाली कांग्रेस और 53 विधायकों वाली NCP के साथ मिलकर महाविकास अघाड़ी बनाकर सरकार बनाई। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *