जम्मू कश्मीर में 20 अगस्त तक हो सकता है विधानसभा चुनाव, जानिए पूरा मामला

जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव 20 अगस्त तक हो सकता है। माना जा रहा है कि अक्टूबर से लेकर नवंबर के पहले हफ्ते के बीच 6 फेज में वोटिंग होगी। जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटने के बाद ये पहला विधानसभा चुनाव होगा। जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए चुनाव आयोग 14 अगस्त को केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला के साथ बैठक करेगा। 9 अगस्त को मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने अपनी टीम के साथ जम्मू-कश्मीर का दौरा किया था। उन्होंने कहा था कि आयोग यहां जल्द से जल्द चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है। कोई भी बाहरी और आंतरिक ताकत चुनावी प्रक्रिया को पटरी से नहीं उतार सकती। जम्मू-कश्मीर के लोग देश को तोड़ने वालीं ताकतों को करारा जवाब देंगे। जम्मू-कश्मीर के अलावा इस साल महाराष्ट्र, झारखंड और हरियाणा में भी विधानसभा चुनाव होने है। ऐसे में संभव है कि चुनाव आयोग इन राज्यों के लिए भी चुनाव की तारीखों का ऐलान करेगा।

आपको बता दें, सुप्रीम कोर्ट ने 11 दिसंबर 2023 को चुनाव आयोग को जम्मू-कश्मीर में 30 सितंबर 2024 तक विधानसभा चुनाव कराने का निर्देश दिया था। कोर्ट का ये निर्देश जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म करने को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर फैसले का हिस्सा था। सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि जम्मू कश्मीर को राज्य का दर्जा जितना जल्दी हो सके दिया जाए और वहां पर चुनाव कराए जाएं। जम्मू-कश्मीर को जल्द से जल्द स्टेटहुड वापस किया जाए। लद्दाख को केंद्र शासित प्रदेश (UT) बनाने का फैसला सुप्रीम कोर्ट ने बरकरार रखा था। वहीं, जम्मू-कश्मीर के LG मनोज सिन्हा ने 11 अगस्त को कहा था, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संसद में जो कहा था कि पहले परिसीमन होगा, फिर विधानसभा चुनाव और फिर उचित समय पर राज्य का दर्जा मिलेगा। सारी चीजें उसी क्रम में चल रही हैं। उन्होंने कहा था कि पीएम मोदी 20 जून को श्रीनगर आए थे। तब उन्होंने जल्द चुनाव होने की घोषणा की थी। चुनाव आयोग की एक टीम ने यहां का दौरा किया है। लोगों से मुलाकात की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *