Asaduddin Owaisi का पीएम मोदी पर पलटवार, कहा- हैदराबाद के लोग मवेशी नहीं…

लोकसभा चुनाव के दौरान बीजेपी चुनावी मंच से विपक्षी पार्टियों पर निशाना साध रही है तो विपक्ष भी ईंट का जवाब पत्थर से देने में पीछे नहीं है. ऐसा ही एक वीडियो तेलंगाना की हैदराबाद सीट से सामने आया है, जहां ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) नेता असदुद्दीन ओवैसी ने प्रधानमंत्री मोदी पर पलटवार किया है.

हैदराबाद के लोग जानवर नहीं हैं

दरअसल, पीएम मोदी ने हाल ही में एक चुनावी रैली के दौरान कहा था कि कांग्रेस और बीआरएसए ने हैदराबाद को कई सालों के लिए AIMIM को पट्टे पर दे दिया है. पीएम मोदी के बयान पर बोलते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि हैदराबाद के लोग जानवर नहीं हैं, वो भी इस देश के नागरिक हैं, वो किसी की जागीर नहीं हैं जिसका सौदा राजनीतिक पार्टियां आपस में करेंगी.

AIMIM 40 साल से जीत रही है

एआईएमआईएम नेता ने कहा कि पीएम मोदी तेलंगाना आए थे और कहा था कि हैदराबाद की सीट ओवैसी को दे दी गई है. पिछले 40 वर्षों से हम यहां हिंदुत्व की दुष्ट विचारधारा को हरा रहे हैं और एआईएमआईएम पर लोगों का विश्वास मजबूत हुआ है। इंशाअल्लाह हिंदुत्व इस बार फिर हारेगा।

21 लोगों के पास है सबसे ज्यादा संपत्ति

असदुद्दीन ओवैसी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि मोदी के हाथ उन लोगों ने बांध दिए हैं जिन्होंने उनकी पार्टी को 6 हजार करोड़ रुपये का चुनावी चंदा दिया है. बदले में मोदी उन लोगों को देश के संसाधन भी पट्टे पर दे देते हैं. आज 21 लोगों के पास 70 करोड़ भारतीयों से ज्यादा पैसा है और वो 21 लोग पीएम मोदी के “परिवार” से हैं।

तेलंगाना लोकसभा चुनाव 2024

तेलंगाना लोकसभा चुनाव की बात करें तो राज्य की सभी सीटों पर चौथे चरण में 13 मई को मतदान होगा. तेलंगाना की 17 सीटों में से राजधानी हैदराबाद की लोकसभा सीट काफी चर्चा में है. असदुद्दीन औवेसी की पार्टी AIMIM पिछले 40 सालों से यहां जीतती आ रही है और औवेसी खुद 2004 से हैदराबाद से सांसद हैं. ऐसे में बीजेपी ने ओवैसी के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए माधवी लता को मैदान में उतारा है. यही वजह है कि हैदराबाद का नाम न सिर्फ तेलंगाना बल्कि देशभर की हॉट लोकसभा सीटों में शामिल हो गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *