चीन के ग्वांगझोउ शहर में आए बवंडर के कारण हुई पांच लोगों की मौत, 33 लोग हुए घायल, जानिए पूरा मामला

चीन के ग्वांगझोउ शहर में आए बवंडर के कारण पांच लोगों की मौत हुई है। वहीं 33 लोग घायल हुए हैं। चीन की सरकारी न्यूज एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक तूफान दोपहर ग्वांगझोउ शहर से टकराया। इस दौरान यहां 20.6 मीटर प्रति सेकंड की रफ्तार की अधिकतम हवा दर्ज की गई। तूफान के कारण 141 फैक्ट्रीज की इमारतों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि आवासीय इलाकों को नुकसान नहीं पहुंचा है। रेस्क्यू टीम ने स्थानीय समयानुसार शनिवार (27अप्रैल) रात 10 बजे तक मिशन पूरा कर लिया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि तूफान अपनी अधिकतम तीव्रता 5 के मुकाबले 3 लेवल पर था।

आपको बता दें, ग्वांगडोंग प्रांत चीन के सबसे बड़े प्रांतों में से एक है। 16 अप्रैल से ग्वांगडोंग प्रांत में लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण लगातार रेस्क्यू मिशन्स किए जा रहे हैं। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। अब तक 11 लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। बाढ़ और बारिश के कारण 4 लोगों की मौत हुई है। चीन के मौसम विभाग ने महीने के अंत तक भारी बारिश और बाढ़ की चेतावनी जारी की है। पिछले साल भी चीन के ग्वांगझोउ शहर में एक भयंकर तूफान आया था, जिसमें 10 लोगों की मौत हुई थी। टाइफून हाइकुई नाम के इस तूफान के कारण बड़े पैमाने पर ग्वांगझोउ में नुकसान पहुंचा था।