उज्जैन के दंडी आश्रम के आचार्य और सेवादार पर बच्चों के यौन शोषण का लगा आरोप, जानिए पूरा मामला

उज्जैन के दंडी आश्रम के आचार्य और सेवादार पर बच्चों के यौन शोषण का आरोप लगा है। दोनों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। आश्रम में पढ़ने वाले 19 बच्चों ने इनके खिलाफ शिकायत की। महाकाल थाने में FIR दर्ज की गई। आश्रम के संचालक ने पुलिस बुलाकर आचार्य को गिरफ्तार कराया। सेवादार फरार है। शहर के बड़नगर रोड स्थित दंडी आश्रम 30 साल पुराना है। यहां तीन किशोरों का यौन शोषण होने की जानकारी सामने आई। इस पर पेरेंट्स ने मंगलवार शाम को बैठक की। इस बैठक में पीड़ित किशोरों की संख्या तीन से बढ़कर 19 हो गई।

तो वहीं, आश्रम संचालक गजानंद सरस्वती ने बताया कि चैत्र की नवरात्र के समय कुछ पेरेंट्स ने सेवादार अजय ठाकुर की शिकायत की थी। उसे बाहर निकाल दिया था। शिकायत करने वाले बच्चे एक के बाद एक सामने आने लगे। इसके बाद पेरेंट्स ने वॉट्सऐप पर ग्रुप बनाकर सभी से आश्रम आने को कहा। बैठक में 20 से अधिक बच्चों के पेरेंट्स आए थे। इनके बच्चों ने सेवादार अजय की शिकायत की थी। बैठक में एक-एककर बच्चों को बुलाकर अजय के बारे में जानकारी ली, लेकिन इसी दौरान एक बच्चे ने रोते हुए आचार्य राहुल शर्मा का नाम भी लिया। इसके बाद बच्चों के माता-पिता और भड़क गए।

राजगढ़, मंदसौर और देवास जिले के किशोरों ने पुलिस को बताया कि पिछले कई दिन से अजय ठाकुर और राहुल शर्मा उनका यौन शोषण कर रहे थे। दोनों उन्हें अपने कमरे में बुलाते थे। एडिशनल एसपी जयंत राठौर ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। अजय फरार है। आश्रम में 5वीं से 12वीं तक के 80 बच्चे हैं। सभी आश्रम में रहकर संस्कृत, कर्मकांड, ज्योतिष, संगीत और वेद का अध्ययन करते हैं। पीड़ित बच्चों की उम्र 11 से 15 साल तक है।  आपको बता दें, आरोपी आचार्य राहुल शर्मा ने आज से करीब 7 महीने पहले एक रेप पीड़ित की मदद की थी। खून से सनी 12 साल की बच्ची आधे-अधूरे कपड़ों में ढाई घंटे से भटक रही थी। राहुल ने उसे खाना खिलाकर महाकाल थाने में सूचना दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *