Yuzvendra Chahal: तलाक के बाद टूटा मनोबल, आत्महत्या तक आ पहुंचे थे चहल, बोले – ‘हंसता रहा, पर अंदर से बिखर चुका था’

Yuzvendra Chahal: तलाक के बाद टूटा मनोबल, आत्महत्या तक आ पहुंचे थे चहल, बोले - 'हंसता रहा, पर अंदर से बिखर चुका था' Yuzvendra Chahal: तलाक के बाद टूटा मनोबल, आत्महत्या तक आ पहुंचे थे चहल, बोले - 'हंसता रहा, पर अंदर से बिखर चुका था'

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल ने पहली बार अपने व्यक्तिगत जीवन पर खुलकर बात की है। एक पॉडकास्ट में दिए इंटरव्यू के दौरान उन्होंने पूर्व पत्नी धनश्री वर्मा से हुए तलाक और उससे जुड़ी मानसिक पीड़ा को सबके सामने रखा। उनकी बातें सुनकर हर कोई हैरान है, क्योंकि चहल जैसी मुस्कुराती शख्सियत के पीछे छुपे दर्द को अब जाकर सभी जान पाए हैं।

चहल ने तलाक पर की बात

चहल और धनश्री की शादी दिसंबर 2020 में बड़े धूमधाम से हुई थी। दोनों की सोशल मीडिया पर केमिस्ट्री काफी चर्चित रही। लेकिन मार्च 2025 में यह रिश्ता तलाक में बदल गया। इस सफर में क्या-क्या बीता, इसका खुलासा अब युजवेंद्र चहल ने किया है।

पॉडकास्ट में चहल ने बताया कि शादी के बाद धीरे-धीरे उनके रिश्ते में खटास आने लगी। करियर की चुनौतियों और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं के कारण दोनों के बीच तालमेल बिगड़ता गया। हालांकि दोनों ने अपने रिश्ते की दरारों को बाहर जाहिर नहीं होने दिया और अंत तक एक सामान्य दंपती की तरह दिखने की कोशिश की।

मानसिक तनाव से गुजरे चहल

पर अंदर की कहानी कुछ और ही थी। चहल ने बताया कि तलाक के दौर में वे गंभीर मानसिक तनाव से गुजरे। उन्होंने कहा कि कई बार उन्हें ऐसा लगने लगा कि जीवन खत्म कर देना ही बेहतर होगा। नींद उनसे रूठ चुकी थी, रातें केवल सोच और बेचैनी में गुजरती थीं। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने आत्महत्या जैसे ख्यालों से भी संघर्ष किया।

पर इस अंधेरे दौर में उनके दोस्तों और परिवार ने उन्हें संभाला। चहल का कहना है कि उनके कुछ करीबी साथियों ने उन्हें टूटने से बचा लिया। इस कठिन समय में उनके दोस्तों की भूमिका किसी जीवनरक्षक से कम नहीं रही।

चहल पर लगा था धोखा देने का आरोप

इस दौरान सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें भी फैलती रहीं। चहल पर धोखाधड़ी और झूठे संबंधों के आरोप भी लगे। लेकिन चहल ने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी किसी का दिल नहीं तोड़ा और हमेशा महिलाओं का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि उनके नाम को जबरन किसी के साथ जोड़ा गया, पर इसका सच्चाई से कोई वास्ता नहीं था।

धनश्री और चहल की मुलाकात वर्चुअल डांस क्लास में हुई थी और वहीं से दोनों का रिश्ता पनपा था। पर वक्त के साथ भावनाएं फीकी पड़ गईं और रिश्ता दरकने लगा। चहल की कहानी उन हजारों लोगों को आईना दिखाती है जो रिश्तों में टूटन को छुपाकर मुस्कुराते रहते हैं।

आज चहल खुलकर अपनी कहानी बता रहे हैं, ताकि जो लोग ऐसे ही दौर से गुजर रहे हैं, वे जान सकें कि अंधेरे में भी उम्मीद की किरण होती है।