Sunita Ahuja Emotional Appeal: बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा की शादीशुदा जिंदगी एक बार फिर चर्चा में है। अभिनेता का नाम उनकी फिल्म ‘रूपा’ की को-स्टार कोमल रानी के साथ जोड़े जाने की खबरों के बीच अब सुनीता आहूजा ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर भावुक बात कही है। कोलकाता के दक्षिणेश्वर काली मंदिर पहुंचीं सुनीता ने महिलाओं और Gen-Z से अपने साथ खड़े होने की अपील की।
दक्षिणेश्वर काली मंदिर पहुंचीं सुनीता
शुक्रवार को सामने आए एक वीडियो में सुनीता आहूजा को पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित प्रसिद्ध दक्षिणेश्वर काली मंदिर में देखा गया। मंदिर में उन्होंने मां काली से अपने जीवन की परेशानियां दूर करने की प्रार्थना की।
इस दौरान सुनीता ने अपनी निजी जिंदगी में चल रही परेशानियों का जिक्र करते हुए कहा कि उनके जीवन में भी कुछ ‘राक्षस’ हैं और वह माता से प्रार्थना करने आई हैं कि उनका अंत हो। हालांकि, उन्होंने किसी व्यक्ति का नाम लेकर यह स्पष्ट नहीं किया कि वह किन परिस्थितियों या किस परेशानी की बात कर रही हैं।
‘प्लीज मुझे सपोर्ट करें’
सुनीता ने महिलाओं और नई पीढ़ी यानी Gen-Z से भावुक अपील भी की। उन्होंने कहा कि उनके साथ जो कुछ हो रहा है, वह ठीक नहीं है। इसी दौरान उन्होंने अपनी शादीशुदा जिंदगी को लेकर कहा, “मेरा घर टूट रहा है फॉर नो रीजन।”
उन्होंने मीडिया से भी इस मामले में ऐसा कुछ न करने की अपील की, जिससे स्थिति और चर्चा का विषय बने। सुनीता ने लोगों से कहा कि वे खुद को उनकी जगह रखकर सोचें और कल्पना करें कि अगर उनके अपने परिवार में ऐसी परिस्थिति आती तो उन्हें कैसा महसूस होता।
गोविंदा और कोमल रानी को लेकर क्या है मामला?
गोविंदा और अभिनेत्री कोमल रानी के कथित रिश्ते की चर्चाएं पिछले कुछ समय से मीडिया रिपोर्ट्स में हैं। दोनों फिल्म ‘रूपा’ में साथ काम कर रहे हैं। इस साल की शुरुआत में मुंबई एयरपोर्ट पर दोनों को एक साथ यात्रा करते हुए देखे जाने के बाद उनके रिश्ते को लेकर अटकलों ने जोर पकड़ा था।
हालांकि, गोविंदा और कोमल रानी ने कथित अफेयर को सार्वजनिक तौर पर स्वीकार नहीं किया है। इसलिए दोनों के बीच किसी रिश्ते को लेकर किए जा रहे दावों को फिलहाल अपुष्ट मीडिया रिपोर्ट्स और अटकलों के रूप में ही देखा जा रहा है।
1987 में हुई थी गोविंदा-सुनीता की शादी
गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादी साल 1987 में हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं, बेटा यशवर्धन आहूजा और बेटी टीना आहूजा। पिछले कुछ समय से गोविंदा और सुनीता की शादी को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं सामने आती रही हैं।
ऐसे में दक्षिणेश्वर काली मंदिर से सामने आया सुनीता का भावुक बयान एक बार फिर उनके निजी जीवन को सुर्खियों में ले आया है। हालांकि, उनके बयान में भी किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई स्पष्ट आरोप या नाम सामने नहीं आया है।