Bigg Boss 20: सलमान खान की तबीयत को लेकर क्यों मचा हड़कंप? बोले- कुछ नहीं हुआ, प्रोमो देखकर डर गए थे लोग

Salman Khan Health Update Salman Khan Health Update

Salman Khan Health Update: ‘बिग बॉस 20’ के एक प्रोमो ने सलमान खान के फैंस को उस वक्त चिंता में डाल दिया, जब अभिनेता स्टेज पर सीने पर हाथ रखकर दर्द में नजर आए और डॉक्टर को बुलाने की बात करते दिखे। प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर सलमान खान की तबीयत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। अब अभिनेता ने खुद स्पष्ट किया है कि उनकी तबीयत बिल्कुल ठीक है और प्रोमो में दिखाया गया सीने का दर्द असली नहीं था।

सलमान खान ने दी सफाई 

सलमान खान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए सफाई देते हुए कहा कि भगवान की कृपा से उनकी सेहत को लेकर कुछ भी गलत नहीं है। अभिनेता ने बताया कि ‘बिग बॉस 20’ के वीकेंड का वार में किया गया पूरा सीन दरअसल कंटेस्टेंट काजी तौकीर को एक बात समझाने के लिए किया गया था।

सलमान के मुताबिक, काजी तौकीर ने घर में किसी की तबीयत से जुड़े मामले को मनोरंजन के तौर पर इस्तेमाल किया था। इसी बात को समझाने के लिए सलमान ने खुद सीने में दर्द होने का अभिनय किया, ताकि काजी को एहसास हो सके कि किसी की सेहत को मनोरंजन का हिस्सा बनाना गलत है।

सलमान अभिनय कर रहे थे

इस दौरान घर के बाकी कंटेस्टेंट्स को यह जानकारी नहीं थी कि सलमान खान अभिनय कर रहे हैं। वे अभिनेता की हालत देखकर वास्तव में परेशान हो गए थे और उनकी सेहत को लेकर चिंता करने लगे थे। सलमान ने बताया कि उनका मकसद काजी को यह समझाना था कि जब किसी की सेहत को लेकर दूसरे लोग चिंतित हों, तब उस स्थिति को मनोरंजन की तरह इस्तेमाल करना उचित नहीं है।

हालांकि, सलमान के मुताबिक प्रोमो की एडिटिंग के कारण उनके पूरे संदेश का मतलब ही बदल गया। प्रोमो में उनके सीने पर हाथ रखने, स्टेज पर लेटने और डॉक्टर को बुलाने वाले हिस्से को इस तरह पेश किया गया कि देखने वालों को लगा कि अभिनेता को सच में कोई स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हो गई है।

सलमान खान ने प्रोमो कटने पर जताई नाराजगी

सलमान ने प्रोमो के इस तरीके से काटे जाने पर नाराजगी भी जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह एडिट किए जाने से ऐसा लग रहा था कि वह वही काम कर रहे हैं, जिसे लेकर वह काजी तौकीर को समझा रहे थे। अभिनेता ने इस प्रोमो के लिए दर्शकों से माफी भी मांगी और कहा कि शायद शो के प्रमोशन का यही फॉर्मेट है।

उन्होंने चैनल की ओर से भी दर्शकों से माफी मांगी। इसके बाद ‘बिग बॉस 20’ के मेकर्स ने सलमान और काजी तौकीर के बीच टकराव वाला एक और प्रोमो जारी किया, जिसमें इस पूरे मामले का संदर्भ ज्यादा स्पष्ट नजर आया।

इसी वीकेंड का वार एपिसोड में सलमान खान ऑनलाइन ट्रोलिंग के मुद्दे पर भी काफी नाराज नजर आए। उन्होंने खासतौर पर कलाकारों के लुक और शरीर को लेकर की जाने वाली टिप्पणियों पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर लोगों को किसी के शरीर या स्वास्थ्य को लेकर टिप्पणी करने से पहले सोचना चाहिए।

सलमान खान ने ट्रोलर्स पर लगाई लताड़

सलमान ने अपने लुक को लेकर होने वाली ट्रोलिंग का भी जिक्र किया। लगातार उनके गंजे लुक पर हो रही टिप्पणियों के बीच अभिनेता ने स्टेज पर अपनी टोपी और टी-शर्ट उतारकर ट्रोल्स को जवाब देने का अंदाज दिखाया। इस पूरे एपिसोड में सलमान ने ऑनलाइन ट्रोलिंग और किसी की निजी परिस्थितियों को मनोरंजन बनाने के मुद्दे पर अपनी बात रखी।

फिलहाल सलमान खान ने साफ कर दिया है कि प्रोमो में दिखाया गया सीने का दर्द किसी वास्तविक स्वास्थ्य समस्या का संकेत नहीं था। ‘बिग बॉस 20’ JioHotstar पर स्ट्रीम और ColorsTV पर प्रसारित हो रहा है।