बॉलीवुड में जब भी नए चेहरों की बात होती है, तो दर्शकों की उम्मीदें थोड़ी धीमी होती हैं। लेकिन इस बार ‘सैयारा’ ने इन धारणाओं को पूरी तरह बदल दिया है। अहान पांडे और अनीत पड्डा जैसे नए कलाकारों की जोड़ी से सजी इस रोमांटिक फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसी धमाकेदार शुरुआत की है कि बड़ी-बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है।
100 करोड़ क्लब में एंट्री के बाद की बड़ी छलांग
मोहित सूरी के निर्देशन में बनी यह फिल्म पहले ही चार दिन में 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो गई थी। लेकिन असली चौंकाने वाला आंकड़ा मंगलवार यानी पांचवे दिन सामने आया, जब इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड 148.98 करोड़ रुपये की कमाई कर ‘केसरी 2’ (144.35 करोड़) और ‘जाट’ (119.24 करोड़) जैसी बड़ी फिल्मों को पछाड़ दिया।
पांचवें दिन भारत में भी मजबूत पकड़
अगर बात करें भारत में ‘सैयारा’ के कलेक्शन की, तो शुरुआती आंकड़ों के अनुसार फिल्म ने पांचवे दिन 18.88 करोड़ रुपये की कमाई की। इससे पहले यह फिल्म पहले दिन 21.5 करोड़, दूसरे दिन 26 करोड़, तीसरे दिन 35.75 करोड़ और चौथे दिन 24 करोड़ रुपये का कारोबार कर चुकी थी। भारत में कुल कलेक्शन अब 126.13 करोड़ रुपये हो चुका है।
कम बजट, बड़ी कमाई
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस फिल्म का बजट मात्र 60 करोड़ रुपये के आसपास बताया जा रहा है। इतने कम बजट में महज पांच दिनों में दोगुना से भी ज्यादा कमाई कर लेना, इस फिल्म को एक सुपरहिट की श्रेणी में ला देता है। अब ‘सैयारा’ का अगला निशाना ‘स्काई फोर्स’ की कमाई को पछाड़ना है।
म्यूजिक और केमिस्ट्री ने किया दर्शकों को दीवाना
‘सैयारा’ की कहानी एक युवा म्यूजिशियन कृष और एक साधारण लेकिन जिद्दी लड़की वाणी की प्रेम कहानी है। कृष के रोल में अहान पांडे और वाणी की भूमिका में अनीत पड्डा ने अपने अभिनय से दर्शकों को प्रभावित किया है। खासकर फिल्म का संगीत और इन दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री यंग जनरेशन के बीच काफी लोकप्रिय हो रही है।
बॉलीवुड को मिले नए सितारे?
‘सैयारा’ सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर ही नहीं, बल्कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन चुकी है। ट्रेंडिंग गानों से लेकर फिल्म के डायलॉग्स तक, हर चीज लोगों की जुबां पर है। लगता है बॉलीवुड को दो नए उभरते सितारे मिल गए हैं, जो आने वाले समय में और भी बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बन सकते हैं।
अभी बाकी है सफर
इतने जबरदस्त प्रदर्शन के बाद यह साफ है कि ‘सैयारा’ का सफर अभी थमा नहीं है। वीकएंड के आते-आते यह फिल्म 150 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सकती है और यह साल की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक बन सकती है।