महावतार नरसिम्हा ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल, ‘किंगडम’ की हालत और भी बिगड़ी

Mahavatar Narsimha Collection Mahavatar Narsimha Collection

भारतीय सिनेमाघरों में इन दिनों एक एनिमेटेड धार्मिक फिल्म ने तहलका मचा रखा है। बात हो रही है फिल्म ‘महावतार नरसिम्हा’ की, जिसने लगातार 12 दिनों तक बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए करोड़ों की कमाई कर डाली है। दूसरी तरफ साउथ के सुपरस्टार विजय देवरकोंडा की एक्शन फिल्म ‘किंगडम’ की चमक धीरे-धीरे फीकी पड़ती जा रही है। मंगलवार को जहां ‘महावतार नरसिम्हा’ की कमाई ने फिर से नया मुकाम हासिल किया, वहीं ‘किंगडम’ की हालत और भी चिंताजनक होती नजर आई।

एनिमेशन और माइथोलॉजी का मेल

एनिमेशन और माइथोलॉजी के मेल से तैयार फिल्म ‘महावतार नरसिम्हा’ दर्शकों का भरपूर प्यार बटोर रही है। 4 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म अब तक 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है। मंगलवार को इसके 12वें दिन की कमाई करीब 7.28 करोड़ रुपये रही, जिससे इसका कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 105.58 करोड़ पर पहुंच गया है। इस फिल्म ने न सिर्फ अपने बजट से कई गुना कमाई की है, बल्कि इसने यह भी साबित किया है कि भारतीय दर्शक आज भी माइथोलॉजिकल कहानियों को बड़े चाव से देखते हैं – चाहे वो एनिमेटेड फॉर्मेट में ही क्यों न हो।

फिल्म की कहानी

फिल्म की कहानी भगवान विष्णु के चौथे अवतार नृसिंह पर आधारित है, जो भक्त प्रह्लाद की रक्षा के लिए अवतार लेते हैं और असुर हिरण्यकश्यप का वध करते हैं। इस धार्मिक पौराणिक कथा को एनिमेटेड शैली में प्रस्तुत करना दर्शकों को खूब भा रहा है। खास बात ये है कि इस फिल्म की सफलता किसी छुट्टी या वीकेंड की मोहताज नहीं रही, बल्कि सप्ताह के दिनों में भी इसकी कमाई लाखों में नहीं, बल्कि करोड़ों में हुई है।

इसके विपरीत, साउथ इंडस्ट्री से आई फिल्म ‘किंगडम’, जो भारी भरकम बजट और एक्शन से भरपूर थी, वो दर्शकों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई। मंगलवार को इसके रिलीज के छठे दिन की कमाई मात्र 1.29 करोड़ रुपये रही और इसका कुल कलेक्शन अब तक 44.19 करोड़ तक ही सिमट कर रह गया है। यह आंकड़ा बताने के लिए काफी है कि दर्शकों की रुचि इस फिल्म में लगातार घटती जा रही है।

किंगडम की कमाई

विशेषज्ञों का मानना है कि ‘किंगडम’ की आगे की राह और भी मुश्किल होने वाली है। वजह यह है कि जल्द ही रजनीकांत की बहुचर्चित फिल्म ‘कूली’ सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। रजनीकांत की लोकप्रियता किसी से छिपी नहीं है और उनकी फिल्म के सामने टिक पाना किसी भी नई फिल्म के लिए बेहद मुश्किल हो सकता है। ऐसे में ‘किंगडम’ के पास ज्यादा विकल्प नहीं बचे हैं।