कांग्रेस नेता शशि थरूर के पूर्व PA दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार, 35 लाख के सोने की तस्करी का आरोप, जानिए पूरा मामला

दिल्ली कस्टम डिपार्टमेंट ने इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से सोने की तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें से एक की पहचान कांग्रेस नेता शशि थरूर के पूर्व PA शिव कुमार प्रसाद के रूप में की गई है। अधिकारियों ने आरोपियों के पास से 35 लाख रुपए की कीमत का 500 ग्राम सोना भी जब्त किया। इस मामले को लेकर शशि थरूर ने एक्स पर लिखा, अपने पूर्व स्टाफ से जुड़ी घटना के बारे में सुनकर मैं हैरान हूं। वह (शिव कुमार प्रसाद) 72 साल के रिटायर्ड व्यक्ति हैं। उनका डायलिसिस होता है। हमने उन्हें सहानुभूति दिखाते हुए पार्ट टाइम पर नौकरी पर रखा था। मैं इस मामले में कथित आरोपों को गलत नहीं ठहरा रहा हूं। मैं मामले की जांच में अधिकारियों का पूरा समर्थन करता हूं। कानून को अपना काम करना चाहिए।

सूत्रों के मुताबिक, कस्टम अधिकारियों ने इंदिरा गांधी एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 पर शिव प्रसाद को पकड़ा था। उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास 500 ग्राम से ज्यादा सोना मिला। पूछताछ के दौरान वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए कि वे इतना सोना लेकर क्यों चल रहे हैं। केरल के तिरुवनंतपुरम से शशि थरूर के खिलाफ चुनाव लड़ रहे केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि कांग्रेस और CPM सोने की तस्करी करने वालों का अलायंस है। उन्होंने X पर पोस्ट किया कि पहले मुख्यमंत्री के सचिव का सोने की तस्करी में नाम आया था। अब कांग्रेस सांसद के PA को सोने की स्मगलिंग में पकड़ा गया है। CPM और कांग्रेस दोनों INDI अलायंस के पार्टनर्स असल में गोल्ड स्मगलिंग करने वालों का अलायंस है।