अमेरिका में एक भीषण कार हादसे में 3 भारतीय महिलाओं की हुई मौत, जानिए पूरा मामला

अमेरिका में एक भीषण कार हादसे में 3 भारतीय महिलाओं की मौत हो गई। एक की हालत गंभीर है। हादसा साउथ कैरोलिना के ग्रीनविले काउंटी में शनिवार को हुआ। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक तीनों महिलाएं गुजरात के आणंद जिले की रहने वाली थीं। इन महिलाओं का नाम रेखाबेन पटेल, संगीताबेन पटेल और मनीषाबेन पटेल है। हादसा उस वक्त हुआ, जब महिलाओं की SUV कार हाईवे पर अनियंत्रित होकर पहले बैरिकेड से टकराई, फिर पुल से नीचे गिरकर पेड़ों में फंस गई। हादसा इतना भयानक था कि कार पुल से गिरने के बाद लगभग 20 फीट तक उछली थी।

आपको बता दें, मृतक तीनों महिलाएं एक ही परिवार से हैं। तीनों के बीच देवरानी-जेठानी का रिश्ता था। तीनों महिलाएं अमेरिका में अपने परिवार के साथ अलग-अलग रहती थीं। जानकारी के मुताबिक कार में चार महिलाएं थीं। ये अटलांटा से साउथ कैरोलिना जा रही थीं। हादसे के वक्त कार की स्पीड भी तेज थी। पुलिस फिलहाल कार की स्पीड की जांच कर रही है। वहीं, घटनास्थल पर मौजूद कोरोनर माइक एलिस ने कहा कि कार ओवरस्पीड में चलाई जा रही थी। हवा में उछलकर नीचे गिरने के बाद कार के परखच्चे उड़ गए। उन्होंने कहा कि हादसे में कोई अन्य राहगीर घायल नहीं हुआ है।