Ameesha Patel Latest News: अमीषा पटेल सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और अक्सर अपने पोस्ट और बयानों को लेकर चर्चा में आ जाती हैं। अब एक बार फिर उन्होंने आज के दौर की युवा एक्ट्रेसेस के स्टारडम, फिल्म प्रमोशन और भारी-भरकम खर्च को लेकर टिप्पणी की है। अमीषा ने एक यूजर के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि कुछ एक्ट्रेसेस को अपने स्टारडम का भ्रम है और प्रमोशन के दौरान उनके साथ चलने वाली बड़ी टीम का खर्च प्रोड्यूसर उठाते हैं।
फिल्म प्रमोशन में बड़ी टीम को लेकर उठाया सवाल
दरअसल, अमीषा पटेल से एक्स पर एक यूजर ने पूछा था कि आजकल फिल्म प्रमोशन के दौरान कई सितारे बड़ी टीम के साथ नजर आते हैं और इस टीम का खर्च प्रोड्यूसर की जेब से जाता है। यूजर ने अमीषा से पूछा कि क्या उन्हें यह तरीका सही लगता है।
इस सवाल पर अमीषा पटेल ने आज की युवा एक्ट्रेसेस पर तंज कसते हुए अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि कुछ एक्ट्रेसेस अपने स्टारडम के भ्रम में फिल्म प्रमोशन के लिए बड़ी टीम लेकर घूमती हैं, जिसका खर्च प्रोड्यूसर को उठाना पड़ता है।
‘कई एक्ट्रेसेस का खर्च पहले दिन के कलेक्शन से ज्यादा’
अमीषा ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि कई एक्ट्रेसेस का प्रमोशन और दूसरी चीजों पर होने वाला खर्च उनकी फिल्म के पहले दिन के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन से भी ज्यादा है। उन्होंने इसी बात को लेकर मौजूदा दौर के स्टारडम पर सवाल उठाया।
अमीषा ने व्यंग्य करते हुए कहा कि वह उम्मीद करती हैं कि ये एक्ट्रेसेस फिल्ममेकर के खर्च के बिना भी अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में उतना ही पैसा खर्च करती होंगी। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
नई फिल्म साइन करने के सवाल पर भी दिया जवाब
इसी सवाल-जवाब के दौरान एक फैन ने अमीषा पटेल से पूछा कि क्या वह किसी नए प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने वाली हैं या उन्होंने हाल में कोई नई फिल्म साइन की है। इस पर भी एक्ट्रेस ने सीधे जवाब देने के बजाय व्यंग्यात्मक अंदाज अपनाया।
अमीषा ने कहा कि वह ‘बाय वन गेट वन फ्री’ ऑफर वाली फिल्मों और रिलीज के पहले दिन से ही 99 रुपये के टिकट वाली फिल्मों का हिस्सा नहीं बनना चाहतीं।
‘कुछ साल में एक बार गदर जैसी फिल्म करना बेहतर’
अमीषा पटेल ने आगे कहा कि फालतू की फिल्में करने से बेहतर है कि कुछ सालों में एक बार ‘गदर’ जैसी फिल्म बनाई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि वह समय जल्द आएगा जब बॉक्स ऑफिस पर फिर से तहलका मचाया जाएगा।
अमीषा का यह बयान उनकी फिल्म पसंद और मौजूदा फिल्म इंडस्ट्री को लेकर उनके नजरिए को दर्शाता है। हालांकि, प्रमोशनल टीमों और फिल्म स्टार्स के खर्च को लेकर उन्होंने जो टिप्पणियां की हैं, वे उनकी व्यक्तिगत राय हैं।