सोनू निगम ने सलमान खान की सिंगिंग को ‘रोस्ट’ करने वाले वीडियो की खोली पोल, बोले- इंटरनेट पर कुछ भी हो सकता है

Sonu Nigam Viral Video Sonu Nigam Viral Video

Sonu Nigam Viral Video: सोशल मीडिया पर इन दिनों सोनू निगम का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसे देखकर दावा किया जा रहा था कि सिंगर ने सलमान खान के गाने को लेकर उनका मजाक उड़ाया है। वीडियो में सलमान खान को ‘मैं हूं हीरो तेरा’ गाते हुए दिखाया गया था और उसके बाद सोनू निगम के ऐसे रिएक्शन नजर आ रहे थे, जैसे वह सलमान की सिंगिंग पर टिप्पणी कर रहे हों। हालांकि, अब सोनू निगम ने खुद सामने आकर इस वीडियो की सच्चाई बता दी है।

वायरल वीडियो में क्या दिखाया गया?

दरअसल, सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे एडिटेड वीडियो में सलमान खान को ‘मैं हूं हीरो तेरा’ गाते हुए दिखाया गया। इसके बाद सोनू निगम के एक पुराने वीडियो के कुछ हिस्से जोड़ दिए गए। क्लिप में सोनू कभी अपना माथा पकड़ते तो कभी ऐसा रिएक्शन देते नजर आए, जिससे लगा कि वह सलमान खान की आवाज पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

वीडियो के साथ यह भी लिखा गया था कि सोनू निगम सलमान खान की सिंगिंग को ‘रोस्ट’ कर रहे हैं। यही वजह रही कि यह क्लिप तेजी से सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गई। लेकिन पूरी कहानी कुछ और ही निकली।

सोनू निगम ने खुद बताई वीडियो की असली कहानी

सोनू निगम ने वायरल क्लिप को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करते हुए स्पष्ट किया कि वीडियो को एडिट करके उसका संदर्भ बदल दिया गया है। उनका कहना था कि जिस वीडियो को सलमान खान से जोड़कर दिखाया जा रहा है, वह असल में एक पाकिस्तानी बच्ची की गायकी पर उनका रिएक्शन था।

यानी सोनू निगम का वह रिएक्शन सलमान खान की आवाज के लिए नहीं था। पुराने वीडियो को नए संदर्भ में जोड़कर पेश किए जाने के कारण लोगों को गलतफहमी हुई।

हदिया हाशमी की गायकी पर था सोनू का रिएक्शन

रिपोर्ट के मुताबिक, सोनू निगम का मूल वीडियो पाकिस्तानी युवा गायिका हदिया हाशमी की परफॉर्मेंस से जुड़ा था। सिंगर अनिश मैथ्यू ने भी कमेंट करके याद दिलाया कि सोनू ने उस समय हदिया के ‘बोल हू’ गाने के हिस्से को सुनकर प्रतिक्रिया दी थी। सोशल मीडिया पर कुछ अन्य लोगों ने भी इसी बात की पुष्टि की।

साल 2020 में सोनू ने हदिया की परफॉर्मेंस पर प्रतिक्रिया देते हुए उनकी आवाज की तारीफ की थी। बताया गया था कि उन्हें यह वीडियो जावेद जाफरी ने सुनने के लिए भेजा था। गाना सुनने के बाद सोनू भावुक हो गए थे और उन्होंने इसे लंबे समय बाद किसी गीत से इतना प्रभावित होने वाला अनुभव बताया था।

अमाल मलिक के क्रेडिट विवाद से जुड़ा था मामला

इस वीडियो के वायरल होने का समय भी खास है, क्योंकि इसी दौरान ‘मैं हूं हीरो तेरा’ को लेकर अमाल मलिक और सलमान खान फिल्म्स के बीच क्रेडिट का विवाद चर्चा में है। हाल ही में सलमान खान फिल्म्स ने फिल्म Hero के इस गाने से जुड़ी एक पोस्ट शेयर की थी, जिसमें अमाल मलिक को कंपोजर के तौर पर क्रेडिट नहीं दिया गया था। इसके बाद अमाल ने सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को उठाया। बाद में पोस्ट में उनका क्रेडिट जोड़ा गया।

विवाद के बीच अमाल और उनके भाई अरमान मलिक ने अपना पक्ष रखा, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें लेकर बहस और ट्रोलिंग भी देखने को मिली। ऐसे माहौल में सोनू निगम का पुराना वीडियो सलमान खान से जोड़कर वायरल होने लगा। अब सोनू निगम की सफाई के बाद यह स्पष्ट है कि वायरल क्लिप को एडिट करके उसका संदर्भ बदल दिया गया था और उनका मूल रिएक्शन सलमान खान की सिंगिंग को लेकर नहीं था।