बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव एक बार फिर विवादों में हैं, लेकिन इस बार मामला उनके अभिनय से नहीं, बल्कि आठ साल पुराने एक फिल्मी दृश्य से जुड़ा है। अभिनेता ने हाल ही में पंजाब के जालंधर स्थित अदालत में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उन्हें सशर्त जमानत पर रिहा किया गया है। इस विवादास्पद मामले की अगली सुनवाई अब 30 जुलाई को होनी है।
क्या है पूरा विवाद?
मामला वर्ष 2017 में आई फिल्म ‘बहन होगी तेरी’ का है। इस रोमांटिक कॉमेडी फिल्म में राजकुमार राव ने मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म के एक प्रचारात्मक पोस्टर में उन्हें भगवान शिव के रूप में बाइक पर बैठे हुए दिखाया गया था। इस दृश्य को लेकर आपत्ति जताई गई थी कि इससे हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
एक स्थानीय शिवसेना नेता, जो खुद भी फिल्म के निर्माता समूह से जुड़े बताए जा रहे हैं, ने इस दृश्य को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के आधार पर फिल्म के निर्देशक नितिन कक्कड़, निर्माता अमूल विकास मोहले, सह-कलाकार श्रुति हासन और राजकुमार राव के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
कोर्ट में पेश नहीं होने पर जारी हुआ था गैर-जमानती वारंट
मामले में कोर्ट ने सभी आरोपियों को समन भेजा था, लेकिन अभिनेता राजकुमार राव अदालत में समय पर पेश नहीं हो सके। इसके चलते अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया था। स्थिति गंभीर होती देख अभिनेता ने 28 जुलाई को अदालत में सरेंडर किया, जिसके बाद उन्हें जमानत मिल गई।
सूत्रों के अनुसार, इससे पहले उन्होंने अग्रिम जमानत भी ले रखी थी, लेकिन अदालत में पेशी न होने के चलते वारंट जारी करना पड़ा। इस पूरे मामले पर राजकुमार राव या उनकी टीम की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया अब तक सामने नहीं आई है।
निजी जीवन में खुशखबरी
इस कानूनी झमेले के बीच राजकुमार राव की निजी जिंदगी से एक अच्छी खबर सामने आई है। अभिनेता जल्द ही पिता बनने वाले हैं। उनकी पत्नी और अभिनेत्री पत्रलेखा गर्भवती हैं। हाल ही में इस खुशी के मौके पर राजकुमार राव ने अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर जाकर मत्था टेका और आशीर्वाद लिया।
फिल्मों में व्यस्त हैं राजकुमार राव
फिल्मी करियर की बात करें तो राजकुमार राव की झोली में इस साल कई दिलचस्प प्रोजेक्ट्स हैं। उन्होंने इस साल ‘भूल चूक माफ’ और ‘मालिक’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया है, और जल्द ही वह फिल्म ‘टोस्टर’ में नजर आएंगे।
अब देखना यह होगा कि 30 जुलाई को होने वाली अगली सुनवाई में अदालत का रुख क्या होता है और क्या अभिनेता इस कानूनी संकट से पूरी तरह बाहर निकल पाते हैं।