झारखंड के पूर्व CM चंपाई सोरेन बनाएंगे नई पार्टी, कहा एक हफ्ते में सब साफ़ हो जाएगा, जानिए पूरा मामला

झारखंड के पूर्व सीएम और उच्च शिक्षा मंत्री चंपाई सोरेन अब नई पार्टी बनाएंगे। दिल्ली से सरायकेला लौटने के बाद  अपने आवास पर उन्होंने इसकी घोषणा की। चंपाई ने कहा, हम राजनीति से संन्यास नहीं लेने जा रहे हैं। हमने जो अध्याय शुरू किया है, उसका चैप्टर बदलता रहेगा। नए संगठन को मजबूत करेंगे। रास्ते में कोई दोस्त मिला तो दोस्ती करेंगे। चुनाव को देखते हुए नई पार्टी बनाने के लिए अब समय कम रह गया है, इस पर चंपाई बोले कि इससे आपको क्या परेशानी है। जब 3-4 दिन में 30-40 हजार कार्यकर्ता आ गए तो नई पार्टी बनाने में हमको क्या परेशानी है। 7 दिन में सब साफ हो जाएगा। रिपोर्टर के ये पूछने पर कि झारखंड सरकार में बने रहेंगे, इस पर चंपाई तल्खी दिखाते हुए बोले, हमने बोल दिया ना कि नया अध्याय शुरू कर रहे हैं। नया अध्याय शुरू करेंगे तो एक जगह रहेंगे कि दुई (दो) जगह रहेंगे। जनसमर्थन ने ही हमारा हौसला बुलंद किया है। इसी से लगा कि अब आगे बढ़ो। मंत्री पद से इस्तीफा कब देंगे, इस पर चंपाई ने कहा कि उसका समय बताएंगे।

इसके साथ ही चंपाई सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, धन्यवाद झारखंड ! इस प्यार, सहयोग एवं समर्थन के लिए।पिछले साढ़े चार दशकों से आम जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करता रहा हूं, और आपका आशीर्वाद, जीवन के इस नये अध्याय में मुझे सही फैसला लेने का हौसला दे रहा है। फिलहाल जनता से मिल रहा हूं। संन्यास लेना अब विकल्प नहीं है। सभी लोगों की राय के आधार पर शीघ्र ही उचित फैसला लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *