पाकिस्तान में दो मुस्लिम महिलाओं को ईशनिंदा के आरोप में किया गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में दो मुस्लिम महिलाओं को ईशनिंदा के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दोनों महिलाओं पर कुरान के पन्ने जलाने का आरोप लगा है। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को पुलिस ने दोनों पर पाकिस्तान दंड संहिता की धारा 295-B के तहत मुकदमा दर्ज किया है। महिलाओं के नाम शहनाज खान और शाजिया करमात हैं। शहनाज एक प्राइवेट स्कूल में प्रिंसिपल है और शाजिया उनके घर में खाना बनाने का काम करती है। ये दोनों महिलाएं लाहौर से 50 किमी दूर कसूर जिले के राय कला गांव में रहती हैं। उन्हें गांव की मस्जिद के इमाम काशिफ अली की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक गांव के इमाम ने 10 अगस्त को मस्जिद से घोषणा करते हुए दोनों महिलाओं पर कुरान के पन्ने जलाने का आरोप लगाया था। इसके बाद से दोनों महिलाओं के परिवार ने गांव छोड़ दिया है। फिलहाल आरोपी महिलाओं से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि इस घटनाक्रम के बाद पुलिस की एक बड़ी टीम वहां पहुंची ताकि कोई अनहोनी न हो। शहनाज खान भीड़ के उनके स्कूल और घर पहुंचने से पहले ही छिप गई थी। वहीं, पिछले हफ्ते, पंजाब पुलिस ने दो ईसाई बहनों के खिलाफ भी ईशनिंदा का मामला दर्ज किया था। समीया मसीह और सोनिया मसीह पर आरोप लगा कि उन्होंने 7 अगस्त को अपने घर के बाहर कुरान के पन्नों से भरा एक बोरा फेंक दिया था। दोनों की उम्र 20 साल से कम है। समीय और सोनिया लाहौर से 200 किमी दूर टोबा टेक सिंह जिले के गोजरा गांव की रहने वाली हैं। इस मामले में अल्पसंख्यक गठबंधन पाकिस्तान के अध्यक्ष एडवोकेट अकमल भट्टी ने कहा कि ईसाई बहनों के खिलाफ लगाए गए आरोप झूठे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *