मौसम विभाग ने राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में हीटवेव का रेड अलर्ट किया जारी, जानिए पूरा मामला

देश में सबसे गर्म शहर राजस्थान का ​बाड़मेर रहा। यहां अधिकतम तापमान 48.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में चार दिन के लिए हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, दिल्ली और महाराष्ट्र में भी लू का अलर्ट है। राजस्थान में आने वाले दिनों में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। राज्य के 19 शहरों में बुधवार को तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार रिकॉर्ड किया गया था। जैसलमेर से सटी भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर टेम्परेचर 53 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। BSF ने इसका वीडियो भी शेयर किया।

राजस्थान में हीटवेव से चार लोगों की मौत हो गई। जालोर में एक महिला घर में काम करने के दौरान बेहोश हो गई। उसे अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जालोर में ही हीटवेव से दो बुजुर्गों की मौत हो गई। दोनों रेलवे स्टेशन के पास अचेत अवस्था में मिले थे। इनमें से एक बुजुर्ग गुजरात के डीसा का रहने वाला था। जिले के आहोर के रहने वाले 30 साल के युवक की भी लू से मौत हो गई। बालोतरा जिले की निर्माणाधीन रिफाइनरी में काम के दौरान मजदूर की तबीयत बिगड़ गई। अचेत अवस्था में उसे हॉस्पिटल लेकर गए, जहां उसने दम तोड़ दिया। साथ ही, गुजरात के अहमदाबाद और गांधीनगर में आज और कल (23-24 मई) तापमान को लेकर रेड अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, रात 10 बजे भी टेम्परेचर 40 डिग्री रहेगा। चार दिन बाद तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी। वहीं, केरल में भारी बारिश के चलते 4 मौत हो चुकी हैं। मौसम विभाग ने 9 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट (24 घंटे में 11 से 20 सेमी बारिश) जारी किया है। राजधानी तिरुवनंतपुरम, कोच्चि और त्रिशूर में निचले इलाकों, घरों और सड़कों पर पानी भर गया है। जलभराव के चलते ट्रैफिक की समस्या हो रही है। कोझिकोड इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट्स की लैंडिंग-टेक ऑफ देर से हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *