राहुल गांधी ने ओडिशा में कहा, भाजपा सत्ता में आई तो संविधान को फाड़ कर फेंक देगी, जानिए पूरा मामला

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ओडिशा के बलांगीर में रैली को संबोधित करते हुए कहा, भाजपा के नेता कहते हैं, अगर वे लोकसभा का चुनाव जीतते हैं तो इस किताब (संविधान) को फाड़ कर फेंक देंगे। मैं भाजपा के नेताओं से कहना चाहता हूं कि भाजपा या नरेंद्र मोदी तो दूर दुनिया की कोई भी शक्ति संविधान को नहीं छू सकती। राहुल ने कहा, अगर वे संविधान को फाड़ने की कोशिश करेंगे तो ये देखना ये देश और कांग्रेस पार्टी उनके साथ क्या करती है। हिंदुस्तान के गरीबों, पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों को जो भी दिया है वह इसी संविधान ने दिया है। 2024 की चुनावी लड़ाई दो विचारधाराओं के बीच की है। साथ ही, राहुल गांधी ने ओडिशा के लिए पांच गारंटी गिनाई। उन्होंने कहा, ओडिशा में महिलाओं को हर महीने 2,000 रुपए, बेरोजगार युवाओं को हर महीने 3,000 रुपए, 200 यूनिट फ्री बिजली, 500 रुपए में गैस सिलेंडर और धान के लिए 3,000 रुपए/क्विंटल।

आपको बता दें, ओडिशा में लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव भी होने हैं। यहां लोकसभा की 21 सीटें हैं, जिन पर 13 मई, 20 मई, 25 मई, 1 जून को चौथे, पांचवें, छठे और सातवें फेज में चुनाव होगा। राज्य में विधानसभा की 147 सीटों के लिए भी 13 मई से 1 जून के बीच वोटिंग होगी। दोनों चुनावों के नतीजे 4 जून को आएंगे। ओडिशा में लोकसभा की 21 और विधानसभा की 147 सीटें हैं। यहां 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को चार फेज में लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग हो रही है। राज्य में 5 मार्च 2000 से नवीन पटनायक के नेतृत्व में बीजू जनता दल (BJD) की सरकार है। 2019 के विधानसभा चुनाव में BJD ने 146 सीटों में से 112, भाजपा ने 23 और कांग्रेस ने 9 सीटें जीती थीं। लोकसभा चुनावों में BJD ने 12 और भाजपा ने 8 सीटें जीतीं। कांग्रेस को सिर्फ एक सीट मिली थी।