मोदी ने कहा, TMC ने शुरू किया नया खेल, संदेशखाली की बहनों को डरा रहे, सिर्फ इसलिए कि अत्याचारी का नाम शाहजहां शेख, जानिए पूरा मामला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के बैरकपुर, हुगली, आरामबाग और हावड़ा में रैली की। प्रधानमंत्री ने कहा, संदेशखाली के गुनहगार को, पहले TMC की पुलिस ने बचाया, अब TMC ने एक नया खेल शुरू किया है। TMC के गुंडे, संदेशखाली की बहनों को डरा रहे हैं, धमका रहे हैं, सिर्फ इसलिए कि अत्याचारी का नाम शाहजहां शेख है। आजादी के बाद 50 वर्ष तक कांग्रेस के परिवार ने ही सरकारें चलाईं, लेकिन पूर्वी भारत को सिर्फ गरीबी और पलायन मिला। पश्चिम बंगाल हो, बिहार हो, झारखंड हो, ओडिशा हो, आंध्र प्रदेश हो। कांग्रेस और इंडी अलायंस के दलों ने पूर्वी भारत को पिछड़ा ही छोड़ दिया। मोदी ने ठाना है कि वो देश के पूर्वी हिस्से को विकसित भारत का ग्रोथ इंजन बनाएगा। आज हम पूर्वी राज्यों में सड़क मार्ग, रेलवे और जलमार्ग का एक नेटवर्क बना रहे हैं। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर ने इस क्षेत्र में औद्योगीकरण को बढ़ाया है। आने वाले वर्ष बंगाल और आसपास के राज्यों के विकास को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित होंगे। बैरकपुर की धरती इतिहास रचने वाली धरती है। आजादी में अहम भूमिका निभाने वाली धरती है, लेकिन TMC ने इसका क्या हाल बना दिया है। एक समय था, जब बंगाल की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में ये अपना बड़ा योगदान देता था, आज TMC ने इसे घोटाले का गढ़ बना दिया है। 

मोदी ने आगे कहा, एक समय था, जब बंगाल में एक से बढ़कर एक वैज्ञानिक खोज हुआ करती थीं, आज TMC के राज में जगह-जगह बम बनाने की होम इंडस्ट्री चल रही है। एक समय था, जब बंगाल घुसपैठियों के खिलाफ क्रांति किया करता था, लेकिन आज TMC के संरक्षण में यहां घुसपैठिए फल-फूल रहे हैं।आज स्थिति ये है कि बंगाल में अपनी आस्था का पालन करना भी गुनाह है। बंगाल में TMC सरकार राम का नाम नहीं लेने देती। बंगाल में TMC सरकार रामनवमी नहीं मनाने देती। कांग्रेस और लेफ्ट के लोगों ने भी राम मंदिर के विरुद्ध मोर्चा खोल रखा है। क्या TMC, कांग्रेस और लेफ्ट के हाथ में देश सौंपा जा सकता है। TMC-कांग्रेस के इंडी अलांयस ने तुष्टिकरण और वोटबैंक की पॉलिटिक्स के आगे घुटने टेक दिए हैं। TMC के MLA ने कहा कि हिंदुओं को भागीरथी में बहा देंगे। सोचिए, इतनी हिम्मत, इतना साहस। इन लोगों ने बंगाल में हिंदुओं को दोयम दर्जे का नागरिक बना कर रख दिया है। वोट बैंक की राजनीति ने CAA जैसे मानवता की रक्षा करने वाले कानून को विलेन बनाकर पेश किया। CAA कानून तो पीड़ितों को नागरिकता देने का कानून है, इससे किसी की नागरिकता नहीं छिनती। लेकिन कांग्रेस-TMC जैसे दलों ने इसे भी अपने झूठ के रंग से रंग दिया। तुष्टिकरण की जिद में INDI गठबंधन SC-ST-OBC को मिलने वाला आरक्षण भी छीनना चाहती है। ये लोग कह रहे हैं कि आरक्षण अब मुसलमानों को दिया जाए। पूरा का पूरा आरक्षण मुसलमानों को दिया जाए। कर्नाटक में कांग्रेस ने OBC को मिलने वाले सारे आरक्षण मुसलमान को दे चुकी है।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा की, ये जो नोटों के पहाड़ निकल रहे हैं, इन पहाड़ के मालिकों को छोड़ा नहीं जाएगा। मैं भ्रष्टाचार से पीड़ित हर बंगालवासी को कहूंगा, कोई भी भ्रष्टाचारी बचने वाला नहीं है। ये जो करोड़ों रुपए इनसे बरामद हो रहे हैं, ये पीड़ितों को कैसे मिलें। मोदी इसका भी रास्ता खोज रहा है। TMC सरकार उन्हीं लोगों को पैसा रिलीज करती है, जो या तो उनसे जुड़े हैं या उन्हें कट मनी देते हैं। गरीबों को ये लोग हमारी योजनाओं का लाभ मिलने नहीं दे रहे। TMC का एजेंडा है- घुसपैठियों का भला, घुसपैठियों का हित। ये बाहर से आए लोगों को यहां कब्जा दिलवाते हैं। विकसित बंगाल का सपना सिर्फ बीजेपी पूरा कर सकती है, क्योंकि ये हमारा संकल्प है। कांग्रेस का भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण, लेफ्ट का अत्याचार और अराजकता, इन सारी बुराइयों को मिला दें तो बनती है TMC। कांग्रेस, लेफ्ट और TMC ने बंगाल को तबाह कर दिया। इंडी गठबंधन की ज्यादातर पार्टियां छिपकर घोटाले करती हैं, लेकिन TMC घोटालों की ओपन इंडस्ट्री चलाती है। कांग्रेस और तुष्टिकरण का कॉम्पिटीशन चल रहा है।