26/11 मुंबई हमले के वक्त भारत में शूटिंग कर रहे थे पाकिस्तानी एक्टर अली जफर, बोले- सबने कहा वापस आ जाओ, लेकिन…

Ali Zafar latest news

Ali Zafar latest news: पाकिस्तानी अभिनेता और गायक अली जफर ने बॉलीवुड में अपने शुरुआती दिनों से जुड़ा एक ऐसा किस्सा साझा किया है, जिसे शायद ही लोग जानते होंगे। अली जफर ने साल 2010 में फिल्म ‘तेरे बिन लादेन’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म की शूटिंग के दौरान ही मुंबई में 26/11 का आतंकी हमला हुआ था। उस वक्त फिल्म की शूटिंग के महज दो से तीन दिन बाकी थे। हमले के बाद उन्हें भारत छोड़कर वापस पाकिस्तान लौटने की सलाह दी गई थी, लेकिन उन्होंने फिल्म की शूटिंग पूरी करने का फैसला किया।

अली जफर ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में अपने बॉलीवुड सफर और फिल्म ‘तेरे बिन लादेन’ की शूटिंग से जुड़ी यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि एक पाकिस्तानी कलाकार के तौर पर भारत में इस तरह की फिल्म की शूटिंग करना अपने आप में एक बड़ा फैसला था। फिल्म का नाम और उसका विषय काफी अलग था। ऐसे में उन्हें अंदाजा था कि इस प्रोजेक्ट को लेकर सवाल उठ सकते हैं। हालांकि, उन्हें इसकी कहानी पसंद आई थी और वह इसे लेकर काफी आश्वस्त थे।

26/11 हमले के वक्त भारत में थे अली जफर

वसीम अब्बास के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान अली जफर से पूछा गया कि क्या उन्हें फिल्म के विषय को लेकर किसी तरह की प्रतिक्रिया या मुश्किलों का डर था? इस पर अभिनेता ने बताया कि वह हमेशा अपनी समझ और फैसलों पर भरोसा करते आए हैं। जब उन्होंने ‘तेरे बिन लादेन’ की स्क्रिप्ट पढ़ी थी, तभी उन्हें लगा था कि यह एक ऐसी कहानी है, जिस पर फिल्म बननी चाहिए।

अली जफर ने 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमलों का जिक्र करते हुए बताया कि उस समय फिल्म की शूटिंग लगभग पूरी होने वाली थी। सिर्फ दो से तीन दिन का काम बाकी था। इसी दौरान मुंबई में आतंकी हमला हो गया।

अभिनेता ने कहा, ”जब इसकी शूटिंग हो रही थी, तब यह काफी साहसिक विषय था। मैं एक पाकिस्तानी कलाकार था और भारत में काम कर रहा था। फिल्म का नाम भी ‘तेरे बिन लादेन’ था। जब मैं शूटिंग कर रहा था, तभी 26/11 की घटना हो गई। हमारी शूटिंग के दो-तीन दिन बाकी थे। सभी ने कहा कि वापस आ जाओ, लेकिन मेरा भी विश्वास था कि मुझे यह प्रोजेक्ट पूरा करना है।”

उनके इस बयान से उस समय के हालात का अंदाजा लगाया जा सकता है। मुंबई हमलों के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया था। ऐसे माहौल में एक पाकिस्तानी कलाकार का भारत में रुककर फिल्म की शूटिंग पूरी करना आसान फैसला नहीं था।

हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी में पूरी हुई शूटिंग

अली जफर ने बताया कि मुंबई हमलों के बाद फिल्म की बची हुई शूटिंग हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी में पूरी की गई। इसके बाद वह वापस लौट गए। दिलचस्प बात यह है कि फिल्म की शूटिंग पूरी होने के बावजूद इसे रिलीज होने में काफी समय लगा।

‘तेरे बिन लादेन’ को वितरक मिलने में लगभग दो साल का समय लगा। आखिरकार साल 2010 में यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली और इसकी कहानी के साथ अली जफर के अभिनय की भी चर्चा हुई।

फिल्म में अली जफर ने एक पाकिस्तानी पत्रकार अली हसन का किरदार निभाया था, जो अमेरिका जाने का सपना देखता है। इसके लिए वह एक फर्जी ओसामा बिन लादेन वीडियो बनाने की योजना तैयार करता है। फिल्म की कहानी व्यंग्य और कॉमेडी के जरिए आतंकवाद, मीडिया और अंतरराष्ट्रीय राजनीति जैसे विषयों को छूती है।

‘तेरे बिन लादेन’ के बाद कई बॉलीवुड फिल्मों में किया काम

‘तेरे बिन लादेन’ की सफलता के बाद अली जफर के लिए बॉलीवुड के दरवाजे खुल गए। उन्होंने भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में कई बड़े कलाकारों के साथ काम किया। साल 2011 में वह फिल्म ‘मेरे ब्रदर की दुल्हन’ में नजर आए। इस फिल्म में उनके साथ इमरान खान और कैटरीना कैफ थे।

इसके बाद उन्होंने ‘लंदन, पेरिस, न्यूयॉर्क’, ‘चश्मे बद्दूर’, ‘टोटल सियापा’ और ‘किल दिल’ जैसी फिल्मों में काम किया। अली जफर ने शाहरुख खान और आलिया भट्ट की फिल्म ‘डियर जिंदगी’ में भी अहम भूमिका निभाई थी। यह बॉलीवुड में उनकी आखिरी फिल्म साबित हुई।

अभिनेता ने अपने भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के सफर को याद करते हुए बताया कि उन्होंने यहां करीब पांच से छह साल काम किया। इस दौरान उन्हें बतौर लीड एक्टर काम करने का मौका मिला। अभिनय के साथ-साथ उन्होंने फिल्मों में संगीत भी दिया। अली के मुताबिक, भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें काफी सम्मान मिला और वह अपने इस अनुभव को लेकर खुद को भाग्यशाली मानते हैं।

पुलवामा हमले के बाद थम गया बॉलीवुड का सफर

अली जफर ने अपने बॉलीवुड करियर के रुकने की वजह का भी जिक्र किया। साल 2019 में पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत में पाकिस्तानी कलाकारों और तकनीशियनों के काम करने को लेकर प्रतिबंध और सख्त हो गए। इसके बाद भारतीय फिल्मों में पाकिस्तानी कलाकारों के काम करने के रास्ते काफी हद तक बंद हो गए।

इसका असर अली जफर के बॉलीवुड करियर पर भी पड़ा। हालांकि, वह पाकिस्तान में संगीत और अभिनय के क्षेत्र में सक्रिय रहे, लेकिन भारतीय फिल्मों में उनकी वापसी नहीं हो सकी।

गौरतलब है कि अली जफर के साथ-साथ फवाद खान और माहिरा खान जैसे पाकिस्तानी कलाकारों ने भी भारतीय फिल्मों में काम करके अपनी पहचान बनाई थी। फवाद खान ने ‘खूबसूरत’, ‘कपूर एंड सन्स’ और ‘ऐ दिल है मुश्किल’ जैसी फिल्मों में काम किया, जबकि माहिरा खान शाहरुख खान की फिल्म ‘रईस’ में नजर आई थीं।

अली जफर का 26/11 हमलों के दौरान भारत में रुककर शूटिंग पूरी करने का किस्सा उनके बॉलीवुड करियर का एक अहम हिस्सा रहा है। करीब 18 साल पुराने इस घटनाक्रम को याद करते हुए उन्होंने बताया कि उस मुश्किल समय में भी वह अपने प्रोजेक्ट को पूरा करने के फैसले पर कायम थे।