The Vvaan: सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘द वी-वन’ (The Vvaan) सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। फिल्म 25 सितंबर 2026 को बड़े पर्दे पर रिलीज होने जा रही है और रिलीज से एक दिन पहले इसकी एडवांस बुकिंग के आंकड़े सामने आ गए हैं। शुरुआती प्री-सेल्स के मुताबिक फिल्म ने पहले दिन के लिए 85 हजार से ज्यादा टिकट बेच लिए हैं।
पहले दिन 2 करोड़ रुपये से ज्यादा की बुकिंग
रिपोर्ट के मुताबिक, ‘द वी-वन’ ने पहले दिन एडवांस बुकिंग से ब्लॉक सीटों को शामिल करते हुए करीब 2.09 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। वहीं, ब्लॉक सीटों को हटाकर यह आंकड़ा करीब 1.25 करोड़ रुपये रह जाता है। अब तक 85 हजार से अधिक टिकटों की बिक्री हो चुकी है।
मौजूदा बुकिंग को देखते हुए फिल्म की ओपनिंग को लेकर करीब 5 से 6 करोड़ रुपये का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, शुक्रवार को दर्शकों की वास्तविक मौजूदगी और टिकट बिक्री इस आंकड़े को ऊपर-नीचे कर सकती है। एडवांस बुकिंग अभी भी जारी है, इसलिए रिलीज से पहले इसमें और इजाफा होने की संभावना है।
पांच दिनों की एडवांस बुकिंग में कितना कलेक्शन?
सिर्फ पहले दिन ही नहीं, बल्कि शुक्रवार से मंगलवार तक पांच दिनों के लिए भी फिल्म की टिकट बिक्री शुरू हो चुकी है। इन पांच दिनों की एडवांस बुकिंग में ब्लॉक सीटों को जोड़ने पर ‘द व्वान’ ने करीब 5.83 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन दर्ज किया है। वहीं, ब्लॉक सीटों को अलग रखने पर यह रकम करीब 3.26 करोड़ रुपये है।
फिल्म की एडवांस बुकिंग बुधवार से शुरू की गई थी। ट्रेलर को दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी, लेकिन फिल्म के गानों ‘छठी मैया’ और ‘ठुमक ठुमक’ को अपेक्षाकृत अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। अब देखना होगा कि गानों से बनी चर्चा रिलीज के बाद सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या में कितनी तब्दील होती है।
सिद्धार्थ की पिछली फिल्म ने की थी इतनी ओपनिंग
‘द व्वान’ की तुलना सिद्धार्थ मल्होत्रा की पिछली रिलीज ‘परम सुंदरी’ से भी की जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, ‘परम सुंदरी’ ने भारत में पहले दिन 7.25 करोड़ रुपये नेट की कमाई की थी। ऐसे में ‘द व्वान’ की शुरुआती कमाई पर सभी की नजरें रहेंगी।
वहीं, तमन्ना भाटिया की बतौर लीड हिंदी फिल्म इससे पहले 2019 में आई ‘खामोशी’ थी। बॉलीवुड हंगामा के आंकड़ों के अनुसार, उस फिल्म ने पहले दिन करीब 11 लाख रुपये की ओपनिंग की थी।
अगस्त में रिलीज होनी थी फिल्म
‘द व्वान’ की रिलीज डेट पहले 28 अगस्त 2026 तय की गई थी। उस समय फिल्म का मुकाबला यश और कियारा आडवाणी की ‘टॉक्सिक’ से होने वाला था, जिसकी रिलीज उसी सप्ताह निर्धारित थी। बाद में ‘द व्वान’ की रिलीज को आगे बढ़ा दिया गया।
अब सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की यह फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में आएगी। नई रिलीज डेट पर इसका बॉक्स ऑफिस मुकाबला ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा: श्री राम की’ और ‘लव लॉटरी’ जैसी फिल्मों से होगा। ऐसे में पहले दिन की कमाई के साथ-साथ आने वाले दिनों की कमाई भी फिल्म के लिए महत्वपूर्ण रहने वाली है।