Hanuman Ansh Box Office: ना टॉक्सिक में दम, ना मिर्जापुर का भौकाल, ना ही ‘हैवान’ ने मचाया धमाल, ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर काटा गर्दा

Toxic-Mirzapur Box Office Collection Toxic-Mirzapur Box Office Collection

Toxic-Mirzapur Box Office Collection: बॉक्स ऑफिस पर इस समय कई फिल्मों के बीच कमाई को लेकर मुकाबला चल रहा है। एक तरफ यश की ‘टॉक्सिक’ बड़े बजट और शानदार ओपनिंग के बावजूद उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। वहीं ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने अच्छी कमाई करते हुए 181 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है, लेकिन 250 करोड़ तक पहुंचने के लिए अभी उसे लंबा सफर तय करना है। दूसरी तरफ अक्षय कुमार और सैफ अली खान की ‘हैवान’ भी रिलीज के शुरुआती दिनों में कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी। इन फिल्मों के बीच महज 2 करोड़ रुपये में बनी ‘हनुमान अंश’ ने अपनी कमाई से सबका ध्यान खींच लिया है।

https://www.instagram.com/p/DaQ9a3muuR-/?hl=en

2 करोड़ की फिल्म ने पार किया 250 करोड़ का आंकड़ा

‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर 250 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर लिया है। ट्रेड ट्रैकिंग वेबसाइट सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन अब करीब 253.55 करोड़ रुपये हो चुका है। वहीं फिल्म ने 214.63 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। सबसे हैरान करने वाली बात फिल्म का बजट है। ‘हनुमान अंश’ को सिर्फ 2 करोड़ रुपये में बनाया गया है। इस लिहाज से फिल्म ने अपनी लागत के मुकाबले कई गुना ज्यादा कमाई कर ली है।

शुरुआती दो हफ्तों में धीमी रही कमाई

विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी ‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म की शुरुआत बहुत बड़ी नहीं रही थी। पहले दो हफ्तों तक इसकी कमाई भी धीमी रही। हालांकि बाद में दर्शकों की प्रतिक्रिया का फायदा फिल्म को मिलने लगा। लोगों के बीच फिल्म की चर्चा बढ़ी और सकारात्मक माउथ पब्लिसिटी ने इसके कारोबार को रफ्तार दे दी।

फिल्म की कहानी आध्यात्मिक गुरु नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं से प्रेरित बताई गई है। इसमें लक्ष्मीनारायण नाम के एक व्यक्ति की कहानी दिखाई गई है, जो अपनी मां की मौत के बाद गहरे दुख में चला जाता है। इसके बाद वह भगवान की तलाश में आध्यात्मिक यात्रा पर निकलता है।

‘टॉक्सिक’ ने की 312 करोड़ की कमाई, लेकिन भारी नुकसान

यश की ‘टॉक्सिक’ की बात करें तो फिल्म का बॉक्स ऑफिस सफर निराशाजनक रहा। फिल्म ने भारत में करीब 266.75 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया, जबकि विदेशों से लगभग 45.50 करोड़ रुपये आए। इस तरह फिल्म की कुल वर्ल्डवाइड कमाई करीब 312.50 करोड़ रुपये रही।

फिल्म ने भारत में पहले दिन 112 करोड़ रुपये की जबरदस्त शुरुआत की थी। लेकिन दर्शकों की प्रतिक्रिया अच्छी नहीं रहने के कारण दूसरे दिन से ही कमाई तेजी से गिरने लगी। रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म को करीब 300 करोड़ रुपये के भारी नुकसान का सामना करना पड़ा।

‘मिर्जापुर: द मूवी’ 181 करोड़ के पार

पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु की ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने 10 दिनों में भारत में करीब 181.25 करोड़ रुपये नेट कमा लिए हैं। दूसरे वीकेंड में फिल्म ने लगभग 36.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। हालांकि दूसरे वीकेंड में कमाई में करीब 60 फीसदी की गिरावट आई है। इसके बावजूद फिल्म को सुपरहिट माना जा रहा है। अब 250 करोड़ रुपये का आंकड़ा हासिल करने के लिए फिल्म को आने वाले दिनों में अपनी पकड़ मजबूत रखनी होगी।

‘हैवान’ की कमाई अभी 8 करोड़ से भी कम

अक्षय कुमार और सैफ अली खान की ‘हैवान’ का बॉक्स ऑफिस हाल फिलहाल कुछ खास नहीं है। 14 सितंबर तक फिल्म का इंडिया नेट कलेक्शन करीब 7.74 करोड़ रुपये बताया गया है। फिल्म ने पहले दिन 3 करोड़, दूसरे दिन 2.50 करोड़ और तीसरे दिन 1.85 करोड़ रुपये कमाए। चौथे दिन शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक करीब 0.39 करोड़ रुपये की कमाई हुई है।

नीम करोली बाबा से जुड़ी है कहानी

‘हनुमान अंश’ में शोभिनव सत्य मुख्य भूमिका में हैं। उनके अलावा विहान शेडगे, चंदन के आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी, गुलशन पांडे और भगवानदास पटेल भी फिल्म का हिस्सा हैं।

नीम करोली बाबा का जन्म करीब 1900 में उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के एक गांव में हुआ था। उनका निधन 1973 में हुआ। कम उम्र में विवाह के बाद उन्होंने सांसारिक जीवन से दूरी बना ली और घूमने वाले साधु के रूप में जीवन बिताया। फिल्म इसी आध्यात्मिक व्यक्तित्व और उनकी शिक्षाओं से प्रेरित कहानी को पर्दे पर पेश करती है।